भारत

लालू के बाद नीतीश हर मोर्चे पर विफल

पटना : शहीद जगदेव प्रसाद के पुत्र नागमणि ने बुधवार को एसके मेमोरियल हाल में हजारों कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तारिक अनवर के समक्ष राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राकांपा मेरा अंतिम पड़ाव है। अब दल-बदल नहीं करेंगे तथा राकांपा को तीसरे विकल्प के रूप में स्थापित कराएंगे।

राकांपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री तारिक अनवर ने कहा कि नीतीश कुमार हर मोर्चे पर विफल हो गए हैं। आठ वर्ष का शासनकाल कम नहीं होता। लालू प्रसाद को 15 वर्ष मिले और वह कुछ नहीं कर पाए। लालू से ऊबे लोगों ने जदयू-भाजपा सरकार बनवाई। अब बिहारवासी विकल्प चाहते हैं। राकांपा तीसरे विकल्प के रूप में उभरेगी। राकांपा को नागमणि के नेतृत्व में मजबूत किया जाएगा। शीघ्र ही सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा।

तारिक अनवर ने कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में एक भी उद्योग नहीं लगा। देश में सबसे अधिक बिहार के लोग पलायन कर रहे हैं। मात्र विज्ञापनों में विकास दिखता है, राज्य के किसी भी गांव में जाने पर पोल खुल जाती है। नीतीश कुमार ने बड़े-बड़े सपने दिखाए। हालांकि, आज भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच गया है। नीतीश कुमार को विकास की परिभाषा बतानी चाहिए।

अपनी विफलता को छिपाने के लिए नीतीश कुमार विशेष राज्य के दर्जा की मांग कर रहे हैं। वह जानते हैं कि बिहार को विशेष दर्जा नहीं मिलेगा। चुनाव में कहेंगे कि केंद्र के चलते बिहार का विकास नहीं हुआ है।

सदस्यता लेने के बाद नागमणि ने घोषणा की कि अक्टूबर में राकांपा की विशाल रैली गांधीमैदान में होगी। पांच अप्रैल से राकांपा का रथ विधानसभा क्षेत्रों में घूमेगा। राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन अग्रवाल ने कहा कि नागमणि के शामिल होने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। मौके पर भाजपा, जदयू, लोजपा, राष्ट्रीय जनता दल छोड़कर बड़ी संख्या में नेताओं ने राकांपा की सदस्यता ग्रहण की।

Also Read:  लखनऊ में केजरीवाल अखिलेश की संयुक्त प्रेस कांफ्रेस, अखिलेश बोले- हम बोलेंगे तो कहेंगे सपा ने मरवा दिया,क्या पता कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठा हो...उठकर गोली मार दे

– See more at: http://www.jagran.com/bihar/patna-city-10172686.html#sthash.09X3EMJW.dpuf

NCR Khabar Internet Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें ncrkhabar@gmail.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button