आजम खां का किला ढहा, भाजपा ने पहली बार लहराया परचम, आकाश सक्सेना जीते

रामपुर से समाजवादी पार्टी के लिए अच्छी खबर नहीं है। डिंपल की अजेय बढ़त के बाद लग रहा था कि रामपुर में भी सपा प्रत्याशी शानदार प्रदर्शन करेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रामपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने बृहस्पतिवार को अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी (सपा) के आसिम राजा को हराया। इस सीट से आजम खां 10 बार विधायक रहे हैं। यह नतीजा उनके लिए काफी निराशाजनक है।
सक्सेना ने राजा को 34136 मतों से हराया। सक्सेना को 81 हजार 432 मत मिले जबकि राजा को 47296 वोट हासिल हुए।
रामपुर में नया कीर्तिमान रचने के बाद सक्सेना ने भाषा से बातचीत में कहा कि रामपुर के मुस्लिम मतदाताओं ने भाजपा को जिताकर यह साबित कर दिया है कि वे भाजपा की कल्याणकारी नीतियों के जरिये अपने जीवन में बदलाव लाना चाहते हैं। अब रामपुर को एक औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा।