दिल्ली में नई सरकार का गठन हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट ने गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ ली। उप राज्यपाल विनय सक्सेना ने मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। दिल्ली की ९वी और चौथी महिला मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की नई कैबिनेट में कपिल मिश्रा और प्रवेश वर्मा के साथ 6 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। गुरुवार की शाम को सीएम रेखा गुप्ता की नई कैबिनेट इकट्ठा होगी और यमुना दर्शन के लिए जाएगी।
जानिये रेखा गुप्ता का मंत्रिमंडल
रेखा गुप्ता सरकार के दो मंत्री परास्नातक, दो स्नातक, दो पेशेवर स्नातक हैं। नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा और करावल नगर से जीते कपिल मिश्रा सबसे पढ़े लिखे मंत्री हैं। कपिल मिश्रा के पास एमए सोशल वर्क की डिग्री है, प्रवेश वर्मा ने एमबीए किया है।
पेशेवर स्नातक मंत्रियों में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और विकासपुरी से जीते पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। पेशे से डेंटिस्ट पंकज के पास बीडीएस की डिग्री है। वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेरठ की चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से एलएलबी की है। ।
स्नातक मंत्रियों में जनकपुरी से जीते आशीष सूद और बवाना से जीते रविंद्र इंद्रराज सिंह शामिल हैं। रविंद्र इंद्रराज सिंह ने बीए किया है, वहीं आशीष सूद के पास बीकॉम की डिग्री है। मनजिंदर सिंह सिरसा कैबिनेट में सबसे कम पढ़े-लिखे मंत्री हैं। सिरसा 12वीं पास हैं।
