main newsएनसीआरगौतम बुद्ध नगरदादरी

दादरी में 97 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, सीएम बोले-अकबर और औरंगजेब एक जैसे थे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गौतम बुद्ध नगर के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान एनटीपीसी दादरी में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया साथ ही जनपद की लगभग 1467 करोड रुपए की 97 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/ शिलान्यास किया, जिसमें सड़क, पुल, औद्योगिक क्षेत्रों का विकास और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश औद्योगिक नीति के तहत 14 औद्योगिक इकाइयों को अनुमन्य 617 करोड रुपए की प्रोत्साहन राशि का वितरण करते हुए जनसभा को संबोधित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए महाराणा प्रताप के स्वाभिमान, स्वधर्म और स्वदेश के प्रति अद्वितीय समर्पण को याद करते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रनायक बताया। एनटीपीसी परिसर में महाराणा प्रताप स्टेडियम में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने उनकी वीरता की गाथा को विस्तार से बयां किया। उन्होंने यह भी कहा कि अकबर हो या औरंगजेब, हिन्दुओं के प्रति सबकी मानसिकता एक ही थी। उन्होंने कहा कि हमारे आदर्श और राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप, वीर शिवाजी और गुरू गोविंद सिंह जी महाराज हैं, ना कि अकबर या औरंगजेब। वहीं मुख्यमंत्री ने राणा सांगा की वीरता का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महाराणा प्रताप के जीवन और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने स्वदेश और स्वधर्म के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। तनिक स्वार्थ के लिए मुगलों के सामने झुकने की बजाय, उन्होंने स्वाभिमान को चुना। चित्तौड़ के राजवंश में जन्मे और कुम्भलगढ़ में पैदा हुए महाराणा प्रताप ने मात्र 28 साल की उम्र में अकबर जैसे विशाल साम्राज्य से पहला युद्ध लड़ा। उन्होंने हल्दीघाटी की प्रसिद्ध लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि 20 हजार सैनिकों के साथ मुगलों की लाखों की सेना का मुकाबला करने वाला योद्धा ही हमारा सच्चा नायक हो सकता है। हल्दीघाटी ने उन्हें राष्ट्रनायक का दर्जा दिया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने अपने जीवनकाल में मेवाड़ के खोए हुए क्षेत्रों को वापस लेकर अकबर को घुटने टेकने पर मजबूर किया। उनके घोड़े चेतक की स्वामिभक्ति भी अद्भुत थी। आज भी हल्दीघाटी की मिट्टी को लोग तीर्थ के रूप में सम्मान देते हैं। यह भारत की महान परंपरा का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अकबर कभी नायक नहीं हो सकता। चाहे अकबर हो या औरंगजेब, इनकी हिंदुओं के प्रति मानसिकता एक जैसी थी। इन्होंने भारत की सनातन परंपरा को रौंदने के लिए तमाम षड्यंत्र रचे। इसके विपरीत, महाराणा प्रताप ने अपने बलिदान से सनातन संस्कृति की रक्षा की। मुख्यमंत्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह का भी उल्लेख किया और कहा कि ये राष्ट्रनायक हमारी प्रेरणा हैं। जो इनका सम्मान नहीं करते, वे विकृत मानसिकता के शिकार हैं और उन्हें उपचार की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान पीढ़ी को इन महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। महाराणा प्रताप का योगदान हमें सिखाता है कि स्वाभिमान और स्वधर्म से समझौता नहीं करना चाहिए। यही कारण है कि पूरा देश उन्हें याद करता है।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में संपन्न हुए महाकुम्भ और ब्रजभूमि में चल रहे होली उत्सव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 13 जनवरी से 26 फरवरी तक चले महाकुम्भ में 66 करोड़ 30 लाख लोग आए, लेकिन कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। यह हमारी संस्कृति और सुरक्षा का प्रमाण है। ब्रजभूमि के रंगोत्सव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि विदेशी आश्चर्यचकित हैं कि भारत में कोई भेदभाव नहीं, सब एक साथ रंगों में सराबोर हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि आस्था और आजीविका के नए स्रोत खुल रहे हैं। हमारी संस्कृति हमारी समृद्धि का आधार बन रही है। उन्होंने कहा कि श्रीराम, श्रीकृष्ण, महादेव, मां गंगा और मां यमुना की कृपा के साथ ही अब यूपी पर मां लक्ष्मी का आशीर्वाद भी बरस रहा है। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ को लेकर विधर्मियों ने जितनी अफवाह फैलाने की कोशिश की, सनातन धर्मावलम्बियों ने उतने ही अधिक संख्या में प्रयागराज पहुंचकर संगम में आस्था की डुबकी लगाई। गंगाजल को दूषित बताया गया, मगर शायद उन्हें पता नहीं कि बहता पानी और रमता जोगी कभी अशुद्ध नहीं होता। हर सनातनी त्रिवेणी के पवित्र जल को आस्था के रूप में देखता है। पूरी दुनिया के लोग प्रयागराज आए और उत्तर प्रदेश के बारे में अच्छे विचार लेकर लौटे।

मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर के लिए कई घोषणाएं कीं, जिनमें राजकीय डिग्री कॉलेज, 100 बेड का चिकित्सालय, आईटीआई और स्टेडियम शामिल हैं। उन्होंने किसानों के लिए सर्किल रेट बढ़ाने और बाईपास निर्माण की बात पर भी सहमति जताई। उन्होंने मुख्य सचिव को कहा कि यहां ऐसा आईटीआई बनना चाहिए, जहां एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी सहित सभी मॉर्डन टेक्नोलॉजी की जानकारी युवाओं को दी जाए। उन्होंने बताया कि जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट लगभग तैयार है, फिल्म सिटी बन रही है। गौतमबुद्ध नगर विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रदेश की महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज उत्तर प्रदेश की महिलाएं सुरक्षित हैं, प्रदेश की महिलाएं स्वावलंबी होंगी, तो उत्तर प्रदेश विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनेगा।

इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चैधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंन्द्र सिसोदिया, विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधायक नोएडा पंकज सिंह, एमएलसी श्रीचंद्र शर्मा, नरेन्द्र भाटी, विधायक धर्मेश सिंह तोमर, जिलाध्यक्ष ग्रेटर नोएडा गजेन्द्र मावी, जिलाध्यक्ष नोएडा मनोज गुप्ता, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह सहित शासन एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

दिल्ली नोएडा, गाज़ियाबाद, ग्रेटर नोएडा समेत देश-दुनिया, राजनीति, खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफस्टाइल से जुड़ी हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें या एनसीआरखबर वॉट्स्ऐप चैनल फॉलो करें।
Show More

NCR Khabar Internet Desk

एनसीआर खबर दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews.ncrkhabar@gmail.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I अपना सूक्ष्म सहयोग आप हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : 9654531723@paytm के जरिये दे सकते है

Related Articles

Back to top button