जिले में कांग्रेस की गतिविधियाँ तेजी से जारी हैं। जिला कांग्रेस कमेटी ने बिसरख के ग्राम सादुल्लापुर और दादरी के खटाना गाँव में संगठन सृजन समीक्षा बैठक का आयोजन किया, जिसमें ब्लॉक कांग्रेस कार्यालयों का उद्घाटन भी किया गया।
संगठन समीक्षा बैठक में जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अधिवेशन में उठाए गए संकल्प के अनुसार, 100 दिनों के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला, ब्लॉक, नगर, मंडल, न्याय पंचायत और बूथ स्तर पर समितियों का गठन किया जा रहा है। यह प्रक्रिया आगामी चुनावी लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण होगी।

दीपक चोटीवाला ने आगे बताया कि इस संगठन सृजन अभियान का समापन 15 अगस्त को होगा। उन्होंने कहा, “अभी तक हमने जिलास्तर, ब्लॉक और नगर समितियों का गठन कर लिया है। आज की बैठक में बिसरख और दादरी ब्लॉक के मंडल तथा न्याय पंचायत कमेटियों की समीक्षा की जा रही है। अगले पखवाड़े में बूथ स्तर पर बनने वाली कमेटियों का सत्यापन पूर्ण किया जाएगा।”
सादुल्लापुर गाँव में आयोजित कार्यक्रम में बिसरख ब्लॉक अध्यक्ष विजय नागर ने और खटाना गाँव में दादरी ब्लॉक अध्यक्ष तीरथराम वाल्मीकि ने कांग्रेस पदाधिकारियों और उपस्थित मुख्य अतिथियों का स्वागत किया।
जिला समन्वयक आलोक गौड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “ब्लॉक कांग्रेस इकाई हमारे संगठन की आधारशिला हैं। यदि ब्लॉक संगठन मजबूत होगा, तो चुनावी संघर्ष भी उतना ही मज़बूत होगा। मैं खुश हूँ कि हमारे जनपद के बिसरख और दादरी ब्लॉक्स में सक्षम कार्यकर्ताओं को नेतृत्व मिला है।”
जिला समन्वयक जोगेश नेहरा ने भी कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया, कहा कि “देश राजनीतिक बदलाव के दौर से गुजर रहा है और हमें अपने संगठन को और भी मजबूत करके जनसमर्थन प्राप्त करना होगा।”
कार्यक्रम के दौरान, बिसरख ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय और दादरी ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन आलोक गौड़ और जोगेश नेहरा ने किया, जिसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ कांग्रेसियों की उपस्थिति रही। समारोह का संचालन मुकेश शर्मा द्वारा किया गया।
इन कार्यक्रमों में कई गणमान्य कांग्रेस कार्यकर्त्ता भी शामिल हुए, जिनमें रन सिंह प्रधान, दुष्यन्त नागर, पुनीत मावी, राजे मुखिया, किशन शर्मा, बबली नेता जी, धर्म सिंह बाल्मीकि, सरफ़राज खान, और अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल थे।