उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ रिटायर्ड आईएएस अधिकारी और प्रसार भारती के चेयरमैन नवनीत सहगल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। केंद्र सरकार ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रसार भारती की सेवाओं से मुक्त कर दिया गया है। इस संबंध में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, नवनीत सहगल ने 2 दिसंबर को अपना इस्तीफा सौंपा था। मंत्रालय ने बुधवार को सहगल को लिखे एक पत्र में सूचित किया कि संबंधित अथॉरिटी ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।


नवनीत सहगल को इसी साल 16 मार्च, 2024 को तीन साल के कार्यकाल के लिए प्रसार भारती का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। हालांकि, वे अपने निर्धारित तीन साल के कार्यकाल के लगभग नौ महीने बाद ही पद छोड़ रहे हैं।
नवनीत सहगल उत्तर प्रदेश के प्रभावी और भरोसेमंद आईएएस अधिकारियों में गिने जाते थे। वह 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और 2023 में उत्तर प्रदेश में खेल और युवा कल्याण के अपर मुख्य सचिव के पद से रिटायर हुए थे।

अपने करियर के दौरान, सहगल ने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वह यूपी एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPEIDA) के चेयरमैन और सीईओ के रूप में भी कार्यरत रहे, जहां उनकी अगुवाई में 302 किलोमीटर लंबे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट को रिकॉर्ड 22 महीनों में पूरा किया गया था। उन्हें उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के सबसे भरोसेमंद नौकरशाहों में से एक माना जाता था और उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के सचिव के तौर पर भी कार्य किया है। उनके अचानक इस्तीफे के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।



