नोएडा में सडको पर गड्ढे अब समस्या के साथ साथ लोगो के लिए असुरक्षित और जानलेवा बनते जा रहे है। शनिवार सुबह नोएडा के सेक्टर 62, बी-ब्लॉक में एक युवक सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढे की वजह से दुर्घटना का शिकार हो गया। वरिष्ठ पत्रकार अंजना भागी के पुत्र कार्तिक की मोटरसाइकिल तेज रफ्तार गाड़ी से बचने की कोशिश में गड्ढे में गिरने से पलट गई। हालांकि, कार्तिक को गंभीर चोटें नहीं आईं, लेकिन उनकी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
चश्मदीदों के मुताबिक, यह घटना स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने हुई। कार्तिक एक तेज रफ्तार फोर-व्हीलर से बचने के लिए जैसे ही सड़क से नीचे उतरे, वे गहरे गड्ढे में जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक तरफ तेज गति से आती गाड़ी और दूसरी तरफ सड़क पर मौजूद गड्ढे के कारण कार्तिक अपनी मोटरसाइकिल पर नियंत्रण खो बैठा।
घटना के बाद, कार्तिक की मां, वरिष्ठ पत्रकार अंजना भागी ने एनसीआर खबर को बताया कि उनका बेटा सुरक्षित है। उन्होंने तुरंत नोएड़ा प्राधिकरण के अधिकारी इंदु प्रकाश को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने कल तक गड्ढे को भरे जाने का आश्वासन दिया है।
कई हादसों का गवाह बना गड्ढा
दरअसल, सेक्टर 62, बी-ब्लॉक में भारतीय स्टेट बैंक के सामने सड़क पर यह गहरा गड्ढा काफी समय से परेशानी का सबब बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गड्ढे की वजह से पहले भी कई बाइक सवार और पैदल चलने वाले लोग घायल हो चुके हैं।
आस-पास के निवासियों का आरोप है कि इस गड्ढे को लेकर कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। संबंधित विभाग कुछ समय के लिए इसे मलबा या कूड़ा-करकट से भर देता है, लेकिन बारिश और भारी ट्रैफिक के कारण कुछ ही दिनों में स्थिति जस की तस हो जाती है।
सेक्टर 62 और 63 औद्योगिक और आईटी हब के रूप में जाने जाते हैं, जहां हजारों कर्मचारी अलग-अलग शिफ्टों में काम करते हैं। ऐसे में सड़क पर यह गड्ढा देर रात और सुबह-सुबह आने-जाने वाले कर्मचारियों और अन्य राहगीरों के लिए बड़े हादसों का खतरा बढ़ा रहा है। अब देखना यह होगा कि नोएडा प्राधिकरण का यह आश्वासन कब तक पूरा होता है और क्या इस स्थायी समस्या का कोई दीर्घकालिक समाधान निकलता है।


