ग्रेटर नोएडा: बिसरख पुलिस ने गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी के बाहर से फॉर्च्यूनर कार चोरी करने के आरोप में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से चोरी की गई कार भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करते हैं और नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव में रहते थे।
मामला क्या है?
जानकारी के मुताबिक, गोविंद यादव अपने परिवार के साथ गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी में रहते हैं। 2 फरवरी की रात उन्होंने अपनी फॉर्च्यूनर कार एनएक्स वन सोसाइटी के पास खड़ी की थी। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने कार को चोरी कर लिया। कार चोरी होने के बाद गोविंद यादव ने बिसरख कोतवाली में मामले की शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति कार चोरी करते हुए कैद हुए। पुलिस ने तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
एडीसीपी सेंट्रल जोन संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव शुक्ला उर्फ कृष्णा शुक्ला (निवासी प्रतापगढ़) और चंदन पांडेय उर्फ गोलू (निवासी भदोही) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के पास से चोरी की फॉर्च्यूनर कार भी बरामद कर ली है। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करते हैं और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव में रह रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


