मेरठ: मेरठ-हापुड़ मार्ग पर बुधवार को दिनदहाड़े एक स्कूल बस पर हमला कर दिया गया, जिससे स्कूली छात्रों में दहशत फैल गई। खरखोदा थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुर के पास बाइक सवार आधा दर्जन युवकों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों से भरी बस को रोका और उसमें चढ़कर दसवीं कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट की। हमलावरों ने छात्र को गोली मारने का भी प्रयास किया, लेकिन गोली मिस हो गई।
घटना के संबंध में हापुड़ जनपद के पीरनगर सूदना निवासी योगेश त्यागी ने लोहियानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा जतिन गांव कैली स्थित बीआर इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 10 का छात्र है और मेरठ के डीएवी स्कूल शास्त्री नगर में परीक्षा देकर अन्य छात्रों के साथ स्कूल बस से वापस लौट रहा था।
आरोप है कि गांव हाजीपुर के पास दो बाइकों पर सवार छह युवकों ने जबरन बस रुकवाई। वे बस में घुस गए और छात्र जतिन के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने तमंचे से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन संयोगवश गोली नहीं चली। गोली न चलने पर आरोपियों ने उसी तमंचे की बट से जतिन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने जतिन को अगले पेपर में जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। इस घटना से बस में सवार अन्य छात्र-छात्राओं में गहरा सदमा और भय व्याप्त है।
घायल छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। गांव फफूंडा निवासी सिद्धार्थ बसैया और हरकितन बसैया सहित चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में सघन अभियान चला रही है।
हमले के पीछे के कारणों का अभी तक पूरी तरह से खुलासा नहीं हो सका है। स्कूल के ट्रांसपोर्ट मैनेजर सलेक चंद त्यागी ने बताया कि वे इस समय प्रदेश से बाहर हैं। एसएचओ नेत्रपाल सिंह ने जानकारी दी कि छात्रों के बीच कोई पुरानी रंजिश का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के प्रयास में जुटी है। इस घटना ने छात्रों और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।


