ग्रेटर नोएडा में बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे फाटक संख्या 145/SPL को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उत्तर मध्य रेलवे, दादरी के सीनियर सेक्शन इंजीनियर के अनुसार, इस फाटक के पास रोड अंडर ब्रिज (RUB) बनकर चालू हो गया है, जिसके बाद जिलाधिकारी मेधा रूपम की अनुमति मिलने पर सड़क यातायात के लिए इस फाटक को हमेशा के लिए बंद करने का फैसला लिया गया।
हालांकि, दिल्ली-हावड़ा और ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन पर स्थित बोड़ाकी फाटक को बंद किए जाने पर ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के समय अंडरपास में पानी भरने से यातायात बाधित होता है। उन्होंने रेलवे से अनुरोध किया है कि जब तक निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज शुरू नहीं हो जाता, तब तक इसे बंद नहीं किया जाना चाहिए।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण दफ्तर के सामने से वाहन बोड़ाकी होते हुए पल्ला से जीटी रोड जाते हैं। इस मार्ग पर 24 घंटे वाहन चलते रहते हैं। बोड़ाकी में बना अंडरपास काफी छोटा है, जिससे एक बार में केवल एक वाहन ही निकल पाता है। बरसात में अंडरपास में पानी भर जाने से यातायात बाधित होने पर वाहनों को फाटक से ही निकाला जाता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
रेलवे ने लोगों से अपील की है कि वे अब पुराने फाटक की जगह नए बनाए गए अंडर ब्रिज का ही इस्तेमाल करें, ताकि यातायात सुरक्षित और सुचारु बना रहे। ग्रामीणों ने इस संबंध में रेलवे के सहायक मंडल अभियंता को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने अपनी समस्याओं को उठाया है और समाधान की मांग की है।


