उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ते हुए, Yeida औधोगिक क्षेत्र के सेक्टर-28 में आगामी 21 फरवरी को एक विशाल सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस दौरान वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार से ही यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। सेक्टर-28 में कार्यक्रम स्थल पर भव्य पंडाल का निर्माण शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए जर्मन हैंगर पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर करीब पांच हजार लोगों के आने की संभावना है, जिसे देखते हुए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
प्रमुख अधिकारियों ने किया स्थल का निरीक्षण
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आरके सिंह, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का मुआयना कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले, शुक्रवार को सीईओ आरके सिंह ने एचसीएल कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
पीएम मोदी भी जुड़ेंगे वर्चुअली
यह परियोजना न केवल राज्य बल्कि उत्तर भारत के लिए भी ऐतिहासिक मानी जा रही है। उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट होने के कारण केंद्र और राज्य सरकार इसे लेकर बेहद गंभीर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस परियोजना में व्यक्तिगत रुचि ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान 21 फरवरी की शाम पांच बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर लोगों को संबोधित करेंगे।


