नोएडा इंटरनेशनल एअरपोर्ट तो नहीं पर मेरठ-दिल्ली रैपिड कॉरिडोर के उद्घाटन का इंतजार खत्म, 22 फरवरी से शुरू होगी सेवा

NCR Khabar Internet Desk
4 Min Read

उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एअरपोर्ट के उद्घाटन की चर्चाओं के बीच दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। मेरठ-दिल्ली रैपिड कॉरिडोर का मेरठ सेक्शन 22 फरवरी से शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस परियोजना का उद्घाटन करेंगे और मेरठ शहर के अंदर मेट्रो संचालन भी शुरू हो जाएगा।

- Support Us for Independent Journalism-
Ad image

वर्तमान में, मेरठ के मेरठ साउथ (भूड़बराल) से दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्टेशन तक नमो भारत की सेवा जारी है। अब दिल्ली के सराय काले खां और मेरठ के बाकी तीनों स्टेशनों पर नमो भारत की सेवा शुरू होनी है। इसी ट्रैक पर मेरठ मेट्रो भी दौड़ेगी, जो सभी 13 स्टेशनों पर रुकेगी।

नमो भारत ट्रेन वर्तमान में ट्रायल के दौरान सराय काले खां और मोदीपुरम के बीच के हिस्से को 57 मिनट में पूरा कर रही है। संचालन शुरू होने पर भी इतने ही समय में मोदीपुरम से सराय काले खां तक पहुंचाएगी। गौरतलब है कि 82 किमी लंबे कॉरिडोर पर 160 किमी प्रति घंटे की औसत गति से ट्रेन दौड़ेगी। वर्तमान में ट्रेनें 10 मिनट के अंतराल पर मिल रही हैं, जिसे घटाने की तैयारी चल रही है।

मेरठ-दिल्ली के बीच रोजाना लाखों लोग मेट्रो-रैपिड से सफर करेंगे, जिससे सड़कों का ट्रैफिक कुछ हद तक कम होगा। यह परियोजना शहर की प्रत्येक सड़क पर जाम के हालात को कम करने में मदद करेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री एक रैली को भी संबोधित करेंगे, जिसके लिए मोहिउद्दीनपुर में न्यू टाउनशिप की जगह का चयन किया गया है।

मोदीपुरम से मेट्रो और दुहाई से नमो भारत का नियंत्रण

गाजियाबाद जिले के दुहाई में नमो भारत ट्रेन के लिए नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। वहीं से पूरे 82 किमी कारिडोर पर संचालन होगा। दूसरी तरफ मेरठ मेट्रो के लिए नियंत्रण कक्ष मोदीपुरम डिपो में बनाया जा रहा है। यहीं से मेरठ शहर में मेट्रो का संचालन होगा।

भविष्य में इसी नमो भारत से जुड़ेगा नोएडा एयरपोर्ट , गाजियाबाद-नोएडा एयरपोर्ट नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर के रूट में होंगे 22 स्टेशन

नोएडा इंटरनेशनल (जेवर) एयरपोर्ट को गाजियाबाद से सीधा जोड़ने के लिए हाई स्पीड नमो भारत रेल चलाने के लिए रेल कॉरिडोर बनाने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई। माना जा रहा है कि एयरपोर्ट शुरू होते ही इस रैपिड रेल प्रोजेक्ट पर काम जल्द शुरू किया जाएगा. इसके तहत गाजियाबाद के मेरठ मोड़ से होते हुए ग्रेटर नोएडा यमुना सिटी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक नया कॉरिडोर तैयार किए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है।

रूट में नमो भारत रेल गाजियाबाद के मेरठ मोड़ से चलकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट, चार मूर्ति, चौक नॉलेज पार्क 5, सूरजपुर पुलिस लाइन से होते हुए अल्फा वन और यमुना सिटी के सेक्टर 18 और 21 प्रस्तावित फिल्म सिटी होते हुए सीधे एयरपोर्ट तक जाएगी। इस योजना के मुताबिक, कुल 22 स्टेशन चिन्हित किए गए हैं। इसमें 11 स्टेशन नमो भारत रेल के लिए और बाकी 11 मेट्रो रेल के लिए प्रस्तावित किए गए हैं।

Share This Article
एनसीआर खबर दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews.ncrkhabar@gmail.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I अपना सूक्ष्म सहयोग आप हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : 9654531723@paytm के जरिये दे सकते है