आशु भटनागर। उत्तर प्रदेश के विकास और नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक मील के पत्थर के रूप में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 28 मार्च को सुबह करीब 11:30 बजे जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। इस गरिमामयी समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। एनसीआर खबर इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर करेगा।
प्रशासनिक अनुमान के अनुसार, इस कार्यक्रम में गौतमबुद्धनगर सहित आसपास के सात जिलों से लगभग दो लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। जनसभा के लिए आयोजन स्थल पर तीन विशाल ‘जर्मन हैंगर’ पंडाल तैयार किए गए हैं, जिन्हें सफेद और भगवा रंगों से सजाया गया है। एनसीआर खबर की टीम द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण के अनुसार, कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए बैठने के लिए कुर्सियों और सोफों की विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को 22 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है और 100 से अधिक प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा।

लोकार्पण की प्रक्रिया काफी व्यवस्थित रखी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री हेलीपैड से सीधे यात्री टर्मिनल बिल्डिंग में प्रवेश करेंगे। यहां उनके स्वागत के लिए एक संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत, प्रधानमंत्री टर्मिनल बिल्डिंग में स्थापित पद्म श्री से सम्मानित सुप्रसिद्ध चित्रकार परेश मैती द्वारा निर्मित 100 फीट चौड़ी पेंटिंग का अनावरण करेंगे।
टर्मिनल का निरीक्षण करने के लिए प्रधानमंत्री गोल्फ बग्गी का उपयोग करेंगे। भ्रमण के पश्चात, टर्मिनल बिल्डिंग के मुख्य द्वार पर मुख्यमंत्री, राज्यपाल और एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक सामूहिक फोटो सत्र (ग्रुप फोटो) होगा, जिसके बाद वे मुख्य जनसभा स्थल को संबोधित करेंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम स्थल पर चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। बृहस्पतिवार को भारतीय वायुसेना ने एमआई-17 (Mi-17) हेलीकॉप्टर के माध्यम से नवनिर्मित रनवे और हेलीपैड पर सफल लैंडिंग ट्रायल किया। प्रधानमंत्री के आगमन के लिए कुल पांच हेलीपैड बनाए गए हैं।

सुरक्षा की कमान विशेष सुरक्षा समूह (SPG) ने संभाल ली है, जबकि बाहरी घेरे में पुलिस और रैपिड रिस्पांस फोर्स (RRF) के जवान तैनात हैं। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौह्दरी और संगठन महामंत्री ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। अधिकारियों ने दिनभर बैठकों का दौर जारी रखकर यह सुनिश्चित किया कि बुनियादी ढांचे और सुरक्षा प्रोटोकॉल में कोई कमी न रहे। दादरी विधायक तेजपाल नागर पुरे जिले में सभाए कर जनता से इस कार्यक्रम में पहुँचने की अपील कर रहे है।
यह एयरपोर्ट न केवल एनसीआर के लिए परिवहन के नए मार्ग खोलेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास में भी एक क्रांतिकारी बदलाव लाने की क्षमता रखता है। जिलाधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में स्थानीय प्रशासन इस मेगा इवेंट को सफल बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।


