नोएडा: अजनारा हेरिटेज सोसाइटी में जिम उपकरण निकालने पर 10 लाख की रंगदारी, RWA सचिव पर जानलेवा धमकी का आरोप; FIR दर्ज

NCR Khabar News Desk
4 Min Read

गाजियाबाद डेस्क। नोएडा के सेक्टर-74 स्थित अजनारा हेरिटेज सोसाइटी में एक जिम संचालक ने अपनी जिम का करोड़ों का सामान निकालने के एवज में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। यह गंभीर आरोप सोसाइटी के आरडब्ल्यूए सचिव और दो अज्ञात बदमाशों पर लगा है। पीड़ित की शिकायत पर गाजियाबाद के एसीजेएम कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

- Support Us for Independent Journalism-
Ad image

वेव सिटी स्थित लक्सूरिया एस्टेट आदित्य वर्ल्ड सिटी निवासी मोनू मिश्रा ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में अजनारा हेरिटेज सोसाइटी में ‘एफ-1 फिटनेस’ नाम से जिम शुरू किया था, जिसमें करीब 2.5 करोड़ रुपये का भारी निवेश किया गया था।

- Advertisement -
Ad image

पीड़ित के अनुसार, कोविड महामारी के बाद वर्ष 2022 में जब उन्होंने जिम दोबारा चालू करने की कोशिश की, तो सोसाइटी की आरडब्ल्यूए समिति ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। मोनू मिश्रा ने आरोप लगाया है कि आरडब्ल्यूए के वर्तमान सचिव अभिनव सैनी ने उनसे कई बार में 1-1 लाख रुपये की कथित तौर पर वसूली की। इस उत्पीड़न से तंग आकर उन्होंने वर्ष 2025 में अपना जिम बंद कर दिया।

इसके बाद आरोप है कि आरोपी अभिनव सैनी ने जिम का करोड़ों रुपये का सामान बाहर निकालने से रोक दिया और इसके एवज में 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। पीड़ित के अनुसार, बिल्डर कम्पनी (अजनारा इंडिया लिमिटेड) द्वारा सामान ले जाने की अनुमति मिलने के बाद भी आरोपी ने 1 अप्रैल 2026 को ईमेल भेजकर 6.50 लाख रुपये की मांग की।

- Advertisement -
Ad image

मामला तब और गंभीर हो गया जब 6 जून 2026 को जब पीड़ित मोनू मिश्रा अपनी सोसाइटी से निकल रहे थे, तब दो अज्ञात बाइक सवारों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि बाइक सवारों ने पीड़ित की आरोपी अभिनव सैनी से फोन पर बात कराई, जिस दौरान 15 दिनों के भीतर 10 लाख रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़ित मोनू मिश्रा का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में थाना वेव सिटी और पुलिस आयुक्त को 3 जुलाई को शिकायती पत्र दिया था, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद, मोनू मिश्रा ने गाजियाबाद के एसीजेएम कोर्ट के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई।

इस मामले पर वेव सिटी की एसीपी प्रियाश्री पाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल करके नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करेगी। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। एनसीआर खबर इस प्रकरण पर अजनारा आरडब्ल्यूए के सचिव अभिनव सैनी से बात करने का प्रयास कर रहा है उनका पक्ष भी आगे प्रकाशित किया जाएगा

Share This Article
एनसीआर खबर दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews.ncrkhabar@gmail.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I अपना सूक्ष्म सहयोग आप हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : 9654531723@paytm के जरिये दे सकते है