ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की 144वीं बोर्ड बैठक में शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। किसानों के बाद अब ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक विकास में रीढ़ की हड्डी माने जाने वाले श्रमिकों और शहर में तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्राधिकरण ने बड़े तोहफों का ऐलान किया है। शासन के निर्देशों के क्रम में हुई इस बैठक में श्रमिक आवास, लेबर हॉस्टल और एक आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय के निर्माण को औपचारिक मंजूरी मिल गई है।
पतवाड़ी और बिरौंडी में बनेंगे ईडब्ल्यूएस फ्लैट
ग्रेटर नोएडा में रोजगार की तलाश में दूर-दराज के राज्यों और जनपदों से बड़ी संख्या में अप्रवासी श्रमिक आते हैं। महंगे आवासीय विकल्पों या बिल्डर फ्लैटों के कारण इन श्रमिकों के लिए अपने सपनों का आशियाना खरीदना अक्सर असंभव होता है, जिसके चलते वे कई बार अनधिकृत कॉलोनियों का शिकार बन जाते हैं।
इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए प्राधिकरण ने पतवाड़ी और बिरौंडी गांवों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए फ्लैट्स बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए इसी वर्ष के अंत तक निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य प्रवासी श्रमिकों और उनके परिवारों को सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराना है।
इकोटेक-11 में बनेगा ट्रांजिट लेबर हॉस्टल
बाहर से आने वाले श्रमिकों के लिए रोजगार की तलाश के दौरान सबसे बड़ी चुनौती अस्थायी आवास की होती है। इस समस्या के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ट्रांजिट हॉस्टल योजना के तहत सेक्टर इकोटेक-06 और इकोटेक-11 में 3000-3000 वर्ग मीटर भूमि चिह्नित की गई है।

प्राधिकरण यह जमीन श्रम विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित करेगा, जिसके बाद श्रम विभाग द्वारा यहां ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। इन हॉस्टलों में श्रमिक न्यूनतम किराए पर रहकर आसानी से रोजगार की तलाश कर सकेंगे।
सेक्टर अल्फा-1 में बनेगा आधुनिक पुस्तकालय
श्रमिकों के कल्याण के साथ-साथ प्राधिकरण ने छात्रों और युवाओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए सेक्टर अल्फा-1 में एक सार्वजनिक पुस्तकालय (Library) के निर्माण को भी मंजूरी दी है। इस पुस्तकालय के बनने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे स्थानीय छात्रों और युवाओं को अध्ययन के लिए एक बेहतर और शांत माहौल मिल सकेगा।
बोर्ड बैठक में रहे कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक में चेयरमैन दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार (वर्चुअल माध्यम से), ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश, ग्रेटर नोएडा के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, श्रीलक्ष्मी वीएस, प्रेरणा सिंह, सुमित यादव, यीडा के ओएसडी शैलेंद्र सिंह सहित वित्त, प्रोजेक्ट और विभिन्न विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्राधिकरण के इन निर्णयों से न केवल ग्रेटर नोएडा में असंगठित और अप्रवासी श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा, बल्कि यह औद्योगिक शहर के समग्र और समावेशी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।




