नोएडा: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नोएडा महानगर के सेक्टर-116 स्थित जिला कार्यालय में रविवार को ‘मन की बात युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महानगर अध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नोएडा के विधायक पंकज सिंह, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष रामनिवास यादव समेत बड़ी संख्या में युवा प्रोफेशनल्स और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का आरम्भ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक प्रसारण के श्रवण से हुई। इसके पश्चात, उपस्थित युवाओं के साथ राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकसित भारत के विजन पर एक विस्तृत संवाद सत्र आयोजित किया गया।
युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी: पंकज सिंह
नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति किसी भी देश के विकास की रीढ़ होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं को अपनी प्रतिभा, नवाचार (innovation) और ऊर्जा के सदुपयोग के लिए अभूतपूर्व अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों का भी पूरी ईमानदारी से पालन करें तथा राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखें।
संवाद सत्र के दौरान युवाओं ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा समाज विरोधी एवं राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने का संकल्प लिया। साथ ही, वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ भी ली गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री के विचारों के माध्यम से युवाओं में कर्तव्यबोध जागृत करना और उन्हें देश के सामाजिक व आर्थिक विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अमित त्यागी, कार्यक्रम संयोजक विपुल शर्मा, मुकंद प्रधान, प्रवीण चौहान, सत्यम सिंह, गौरव सिंह, कपिल धारीवाल, नवीन मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग एवं युवा प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



