गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 (PET) रविवार को जनपद गौतमबुद्धनगर के 32 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया गया, जिसमें प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित थी।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे। केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई और आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया गया।
उपस्थिति का विवरण: जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार:
प्रथम पाली: इस पाली में कुल 14,424 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 9,519 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4,905 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
द्वितीय पाली: इस पाली में भी 14,424 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 9,880 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया और 4,544 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए।
परीक्षा को सफलतापवूर्वक संपन्न कराने के लिए तैनात किए गए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का मुस्तैदी से निर्वहन किया। जिला प्रशासन की पूरी टीम ने परीक्षा प्रक्रिया पर निरंतर निगरानी बनाए रखी।
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 के अगले चरण की परीक्षाएं आगामी 30 अक्टूबर और 01 नवंबर 2026 को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने इन आगामी तिथियों पर भी परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अपनी तैयारियां अभी से सुदृढ़ कर ली हैं।



