संपादकीय: ज्ञापन देने की संस्कृति, औचित्य और राजनीतिक संशय!

आशु भटनागर
4 Min Read

आशु भटनागर : लोकतांत्रिक व्यवस्था में ज्ञापन देना, अपनी मांगें रखना और प्रशासनिक जवाबदेही की मांग करना नागरिकों और संगठनों का मौलिक अधिकार है। हालांकि, हाल ही में सेक्टर-150 में एक युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के लगभग आठ महीने बाद सामने आया एक ज्ञापन कई गंभीर सवाल खड़े करता है। यह प्रकरण न केवल प्रशासनिक और सामाजिक दृष्टिकोण से बल्कि राजनीतिक प्रश्न भी खड़े करता है। घटना लगभग आठ महीने पहले की है, जब सेक्टर-150 में युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की एक दर्दनाक हादसे में मृत्यु हो गई थी। इस मामले में घटना के शुरुआती सप्ताह के भीतर ही प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। लापरवाही के दायरे में आने वाले संबंधित पक्षों के खिलाफ निलंबन (सस्पेंशन) से लेकर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई अमल में लाई गई थी। यहाँ तक कि नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) लोकेश एम को भी पद से हटा दिया गया था।

Ad image

मंगलवार को एक स्थानीय सामाजिक संगठन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में इस मामले की नए सिरे से प्रशासनिक जांच की मांग की गई, जिसमें विशेष रूप से जिलाधिकारी मेधा रूपम को घेरे जाने की बात सामने आई। घटना के इतने लंबे अंतराल के बाद इस प्रकार की मांग उठाया जाना संगठन की मंशा पर प्रश्नचिह्न लगाता है। वो भी तब जब जब त्वरित कार्रवाई और उच्च-स्तरीय प्रशासनिक फेरबदल पहले ही हो चुका हो, तब इस तरह के ज्ञापन का समय और उद्देश्य दोनों ही संदेह के घेरे में आ जाते हैं।

- Advertisement -
Ad image

इस पूरे घटनाक्रम का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह ज्ञापन एक ऐसे स्थानीय नेता / मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता को सौंपा गया, जिनका राजनीतिक कद वर्तमान में शहर के लोकप्रिय सांसद डा महेश शर्मा और प्रदेश के कद्दावर विधायक पंकज सिंह के समक्ष कमतर माना जाता है। उससे भी बड़ी बात ये है कि संबंधित मंत्री द्वारा पूर्व में भी जिलाधिकारी मेधा रूपम पर फोन न उठाने जैसे आरोप लगाकर विवाद खड़े करने के प्रयास किए जा चुके हैं। ऐसे में यक्ष प्रश्न ये है कि क्या कुछ सामाजिक संगठन अनजाने में या किसी अन्य दबाव के तहत राजनीतिक मोहरा बन रहे हैं? क्या यह सब प्रशासनिक अधिकारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने या किसी नेता के व्यक्तिगत राजनीतिक जमीन तलाशने का एक प्रयास मात्र है?

यह उत्तर प्रदेश की सत्ता संभाल रही भाजपा नेतृत्व के लिए भी आत्ममंथन का विषय है। जिस प्रकार के मुद्दे और विरोध आमतौर पर विपक्ष की ओर से आने की उम्मीद होती है, यदि वे सत्तापक्ष या उससे जुड़े लोगों द्वारा विद्वेष के उठाए जाने लगें, तो यह संगठन और सरकार दोनों के बीच के तालमेल पर सवालिया निशान लगाता है। 2027 के चुनाव से पहले मुख्यमंत्री समेत सत्ताधारी दल के शीर्ष नेतृत्व को इस बात का संज्ञान लेना चाहिए कि प्रशासनिक स्थिरता और विकास कार्यों में बाधा डालने वाले ऐसे आंतरिक घटनाक्रमों पर अंकुश लगाया जाए। ज्ञापन जैसे लोकतांत्रिक उपकरणों का उपयोग व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को साधने के लिए किया जाना प्रशासनिक शुचिता और सुशासन के हित में नहीं है।

- Advertisement -
Ad image

Share This Article
आशु भटनागर बीते 15 वर्षो से राजनतिक विश्लेषक के तोर पर सक्रिय हैं साथ ही दिल्ली एनसीआर की स्थानीय राजनीति को कवर करते रहे है I वर्तमान मे एनसीआर खबर के संपादक है I उनको आप एनसीआर खबर के prime time पर भी चर्चा मे सुन सकते है I Twitter : https://twitter.com/ashubhatnaagar हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I एनसीआर खबर पर समाचार और विज्ञापन के लिए हमे संपर्क करे । हमारे लेख/समाचार ऐसे ही सीधे आपके व्हाट्सएप पर प्राप्त करने के लिए वार्षिक मूल्य(रु999) हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : ashu.319@oksbi के जरिये देकर उसकी डिटेल हमे व्हाट्सएप अवश्य करे