आशु भटनागर : लोकतांत्रिक मूल्यों के क्षरण पर हाल ही में व्यक्त किए गए संपादकीय के बाद समाज के विभिन्न वर्गों, विशेष रूप से समाजसेवियों और राजनेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। गुंडागर्दी के बल पर नेताओ द्वारा महिंद्रा शोरूम बंद कराने जैसी अराजक घटनाओं के परिप्रेक्ष्य में आई इन प्रतिक्रियाओं ने एक नया और गंभीर प्रश्न खड़ा कर दिया है: “लोकतांत्रिक मूल्यों के क्षरण की चर्चा में पत्रकारों का जिक्र क्यों नहीं हुआ?”
एक सज्जन ने शहर में हो रही निम्न स्तर की पत्रकारिता पर चिंता और आक्रोश प्रकट करते हुए कहा कि नोएडा में स्थानीय पत्रकारों को इन दिनों सेक्स, महिलाओं के गुलाबी होठों और 2 बच्चो की मां घर से भागी जैसे समाचार अलावा कुछ दिखाई देता है क्या ? एक ने कहा कि प्रेस विज्ञप्तियो को कापी पेस्ट करने वाले दौर में अब पत्रकार और पत्रकारिता बची कहाँ है ? एक अन्य सज्जन ने तंज कसा की समाज के प्रबुद्ध वर्ग, पेशेवर निष्पक्ष नागरिकों से अपील करते समय आपको पत्रकारों की याद क्यूँ नहीं आई ? मुझे 440 वोल्ट का झटका लगा कि पत्रकार प्रबुद्ध वर्ग पेशेवर और निष्पक्ष नागरिकों में ही आते थे, कब वो लोगो की यादाश्त में प्रबुद्ध वर्ग, पेशेवर निष्पक्ष नागरिकों के समूह से बाहर हो गये?

एक वरिष्ठ पत्रकार साथी ने आई प्रतिक्रियाओं पर रहीम दास का एक पुराना दोहा याद दिलाया
“बसि कुसंग चाहत कुसल, यह रहीम जिय सोस
महिमा घटी समुद्र की रावण बसो पड़ोस”
पर दोहे से इतर यह कटु सत्य ही है जब पत्रकार या सस्ते हो जा रहे संपादक अगर समाचारों की जगह बरसों पहले दिल्ली प्रेस की निकाली गई सस्ते साहित्य की एक किताब वाली सरस खबरों को लीड स्टोरी बनाना शुरू कर देंगे तो पाठकों की ऐसी प्रतिक्रियाएं आना स्वाभाविक हैं। अगर अश्लील साहित्य की चेतना आपको खबरों में मिलने लगे तो सम्मान पत्रकारिता का ही घटेगा।
पत्रकारों के गिरते क्रम में मुझे कबीर दास का वह दोहा भी याद आया
“डूबा वंश कबीर का, उपजा पूत कमालI
हरि का सुमिरन छाँड़ि कै, घर ले आया माल”
किन्तु इस आक्षेपों से इतर एक पक्ष ये भी है कि पत्रकारों और पत्रकारिता पर उठने वाले सवालों की समस्या लोगों के अपने को कुकर्मों छुपाने की बात नहीं है बल्कि पत्रकारों का अपने ही दायित्वों और मूल्यों से हट भी जाना है। कुछ वर्ष पूर्व समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और साहित्यकार उदय प्रताप सिंह ने ग्रेटर नोएडा में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि अगर पत्रकार या साहित्यकार पाठको और दर्शको की मांग पर खबरे लिखने लगे या साहित्य रचना करे तो वो बाजारू हो जाती है और अगर जब बाजारू होने के क्रम में टीआरपी (TRP) और क्लिकबेट की होड़ में गंभीर लोकतांत्रिक मुद्दों, नीतियों और जमीनी समस्याओं के बजाय सनसनीखेज खबरों को प्राथमिकता दी जा रही हो। निष्पक्ष रिपोर्टिंग के बजाय किसी विशेष राजनीतिक विचारधारा या सत्ता के पक्ष में झुके हुए दिखाई दे रहो हो तो ऐसे तीखे प्रश्न उठने भी स्वाभाविक है। संभवत यही वजह है कि कभी किसी बड़े घोटाले का खुलासा करने के बाद सम्मान पहले वाला पत्रकार आजकल रंगदारी और ब्लैकमेलिंग के आरोप में घिरा दिखता है।
यधपि दूसरा पक्ष भी उतना ही सच है कि है कि भारत में स्वतंत्र पत्रकारिता करने वालों को मानहानि के मुकदमों, सरकारी जांच एजेंसियों की कार्रवाई और ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। यहाँ तक कि अपनी विचारधारा के अनुरूप रिपोर्टिंग न करने पर ग्राउंड रिपोर्टिंग करते समय उनका उपहास उड़ाया जाता है। फिर भी अनेक स्वतंत्र पत्रकार और डिजिटल प्लेटफॉर्म कठिन परिस्थितियों में भी खोजी पत्रकारिता और जनहित के मुद्दों को उठाने का काम कर रहे हैं। पक्ष चुनने की राजनीती के दौर में मध्यमार्गी सच दिखाकर लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाए रखने का प्रयास कर रहे हैं
ऐसे में ब्लैक एंड वाइट के इस दौर में ग्रे की महत्ता खो चुके समाज का अगर प्रश्न पत्रकारों पर ही है तो इस देश में नैतिकता कहां जाकर छिपेगी, इस प्रश्न का उत्तर मैं उन सभी विद्वान नेताओं और राजनेताओं पर छोड़ता हूं जिन्होंने अराजकता और अज्ञानता के अपने कार्यों को छुपाने के लिए पत्रकारों को निशाने पर लेने का सहारा लेना अधिक अच्छा समझा, जिन्होंने अपनी अराजकता के लिए पत्रकारों पर आक्षेप करना उचित समझा।



