लखनऊ। नोएडा के जाने-माने समाजसेवी, शिक्षाविद और उद्योगपति मुकेश शर्मा ने आज लखनऊ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की उपस्थिति में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस घटनाक्रम ने नोएडा समेत उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नई चर्चाओ को जन्म दे दिया है। एनसीआर खबर पहले ही अपने पाठको को इसके बारे में बताता रहा है और मुकेश शर्मा के नोएडा से उनके चुनाव लड़ने के कयास अब सच बताये जाने लगे हैं।

समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम को पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है। मुकेश शर्मा का शिक्षा, उद्योग और समाज सेवा के क्षेत्र में अनुभव को देखते हुए राजनीतिक विश्लेषक इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल, मुकेश शर्मा की ओर से पार्टी में शामिल होने के कारणों या उनकी आगामी राजनीतिक जिम्मेदारियों के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

कौन हैं मुकेश शर्मा ?
मुकेश शर्मा नोएडा में प्रतिष्ठित प्रोमिथियस स्कूल के संचालक हैं। इससे पहले वह सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कार्यरत QA इन्फोटेक नामक कंपनी के संस्थापक रह चुके हैं। शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ वह पिछले काफी समय से समाज सेवा से जुड़े हुए हैं।
वह गौरी शिक्षा फाउंडेशन के माध्यम से बालिकाओं की निःशुल्क शिक्षा के लिए सतत प्रयासरत हैं। यह फाउंडेशन समाज के वंचित वर्ग की लड़कियों को शिक्षा के मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है। इसके अतिरिक्त, मुकेश शर्मा कई धार्मिक और सामाजिक आयोजनों से भी जुड़े रहे हैं। हाल ही में, उन्होंने प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास के ‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम के तीन दिवसीय भव्य संस्करण का नोएडा में सफलतापूर्वक आयोजन किया था, जिसे व्यापक सराहना मिली थी।



