आशु भटनागर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की सुगबुगाहट के साथ ही गौतम बुद्ध नगर जिले की राजनीति गरमा गई है। गठबंधन के संभावित ‘स्पेशल 26’ फॉर्मूले के तहत जिले में कांग्रेस के हिस्से में केवल जेवर सीट आने की खबरों ने नोएडा विधानसभा के कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया है। पिछले एक दशक से सांगठनिक रूप से सुस्त रही नोएडा कांग्रेस अब अपनी दावेदारी को लेकर मुखर नजर आ रही है।
प्रभारी से मुलाकात और चुनावी तैयारी के निर्देश
नोएडा कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक, जिले की तीन सीटों में से केवल जेवर सीट मिलने की चर्चाओं के बीच नोएडा इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने नोएडा सीट पर अपना दावा पेश करते हुए तर्क दिया कि यहाँ पार्टी की स्थिति मजबूत है। प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कार्यकर्ताओं की बातें सुनने के बाद उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी मुस्तैदी से जुटने और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं।

विपक्षी दलों का तंज: ‘एक बस जितने कार्यकर्ता’
कांग्रेस की इस सक्रियता पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी, दोनों ने ही तंज कसा है। दोनों दलों के स्थानीय नेताओं का कहना है कि नोएडा में कांग्रेस का आधार नगण्य है। भाजपा और सपा के कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा आम है कि नोएडा कांग्रेस के पास इतने भी कार्यकर्ता नहीं हैं जो एक बस की सीटों को भर सकें।
सपा के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “कांग्रेस को दावेदारी पेश करने से पहले अपना इतिहास देख लेना चाहिए। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उनकी प्रमुख उम्मीदवार पंखुड़ी पाठक को मिले मतों की संख्या ही उनकी वास्तविक स्थिति बयां करने के लिए काफी है। पिछले 10 वर्षों में जिस इकाई ने 1000 लोगों की भीड़ तक जमा नहीं की, वह किस आधार पर सीट मांग रही है?”
कांग्रेस के भीतर भी संशय की स्थिति
दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस के अंदरूनी खेमे में भी इस दावेदारी को लेकर मतभेद हैं। कांग्रेस के ही एक स्थानीय नेता ने ‘एनसीआर खबर’ से बातचीत में स्वीकार किया कि यदि नोएडा सीट गठबंधन में कांग्रेस को मिल भी जाती है, तो जमीनी हकीकत काफी चुनौतीपूर्ण होगी।
उन्होंने अंदेशा जताया कि ऐसी स्थिति में समाजवादी पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता और नेता नोएडा में प्रचार करने के बजाय मैनपुरी, एटा और बदायूं जैसे बड़े सपा नेताओ के गढ़ों में चुनाव लड़वाने चले जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा, “नोएडा में वर्तमान में कांग्रेस के पास ऐसा कोई चेहरा नहीं है जो वैचारिक, आर्थिक या सांगठनिक रूप से भाजपा को टक्कर दे सके। यदि गठबंधन के दबाव में यह सीट ली भी गई, तो यह प्रदेश में कांग्रेस की सबसे बड़ी हार साबित हो सकती है।”
वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में नोएडा सीट को लेकर गठबंधन के भीतर चल रही यह कशमकश आने वाले दिनों में क्या मोड़ लेती है, यह देखना दिलचस्प होगा। एक ओर जहाँ कांग्रेस आलाकमान कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर सहयोगी और विपक्षी दल उनके दावों को सिरे से खारिज कर रहे हैं। अब यह वक्त ही बताएगा कि कांग्रेस नोएडा में अपनी खोई हुई साख बचा पाएगी या गठबंधन की इस खींचतान का सीधा लाभ भाजपा को मिलेगा।



