ग्रेटर नोएडा के फेलिक्स अस्पताल (Felix Hospital) में आज एक बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के बेसमेंट में चल रही खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से सात मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में सभी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना फेलिक्स अस्पताल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही का परिणाम मानी जा रही है, जो नियमों को ताक पर रखकर बेसमेंट की खुदाई करवा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, गामा 1 स्थित फेलिक्स अस्पताल के नए बेसमेंट के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान, बिना किसी उचित सुरक्षा उपाय के की जा रही खुदाई के कारण अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर गिर गया। वहां काम कर रहे सात मजदूर मलबे के नीचे दब गए।

एनसीआर खबर के 3 प्रश्न
1) ग्रैप 3 लागू होने के बाबजूद खुदाई और निर्माण कार्य क्यूँ ?
2) देर शाम कार्य की अनुमति किसने दी ?
3) क्या इस नए निर्माण के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से अनुमति ली गयी ?
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस व बचाव दल ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सातों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला जा सका। सभी घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ग्रेटर नोएडा: फेलिक्स अस्पताल में भीषण हादसा, बेसमेंट खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल, अस्पताल पर नियमो के उलंघना और लापरवाही का आरोप https://t.co/9mlyRywYVQ #NCRKhabar #Grap3 #NoidaNews #felixHospital @WellnessFelix #ExitPoll pic.twitter.com/aWuwxDBqgN
— NCRKHABAR (@NCRKHABAR) November 11, 2025
नोएडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। यह पूरा मामला थाना बीटा-2 क्षेत्र का है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में फेलिक्स अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही सामने आ रही है। आरोप है कि बेसमेंट की खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों और निर्माण नियमों का गंभीर उल्लंघन किया गया था, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा और नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या दुर्घटना में घायल मजदूरो को न्याय मिलेगा ?






