गौतमबुद्धनगर। जिला न्यायालय में जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) के पद पर कार्यरत वरिष्ठ अधिवक्ता नीरज शर्मा का आज शाम अचानक निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनकी मृत्यु हृदयगति रुकने के कारण हुई।
नीरज शर्मा लंबे समय से जिला शासकीय अधिवक्ता के पद पर कार्यरत थे और अपने मृदुभाषी एवं मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही जनपद के अधिवक्ता समुदाय और प्रशासनिक हल्के में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
जिला न्यायालय परिसर में उनके निधन की खबर फैलते ही अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने शोक व्यक्त किया। उनके सहकर्मियों और परिचितों ने उन्हें एक उत्कृष्ट वकील और अच्छा इंसान बताया। जनपद के अधिवक्ताओं ने उनके निधन को जिला न्यायालय के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
उनके निधन से न्यायिक क्षेत्र में शोक का माहौल है और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की जा रही है।


