आबादी और रोजगार की मांग को लेकर किसानों का यीडा कार्यालय पर हल्ला बोल, अधिकारियों पर भेदभाव का आरोप

NCR Khabar News Desk
3 Min Read

आबादी बचाने और रोजगार दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को किसान संगठनों ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। किसानों ने यीडा कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए ‘आबादी बचाओ, रोजगार दिलाओ’ के नारे लगाए। किसानों ने प्राधिकरण पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में भेदभाव करने का आरोप लगाया है।

- Support Us for Independent Journalism-
Ad image

किसानों का आरोप है कि प्राधिकरण के अधिकारी कालोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनकी वर्षों पुरानी आबादी को तोड़ रहे हैं, जबकि उनके मामले अभी विचाराधीन हैं। किसानों ने रोजगार दिलाने में वादाखिलाफी का भी आरोप अधिकारियों पर लगाया है।

किसान एकता संघ के नेतृत्व में प्रदर्शन

किसान एकता संघ के कार्यकर्ताओं ने यीडा कार्यालय पर प्रदर्शन किया, जिसके बाद एक महापंचायत का आयोजन किया गया। इस महापंचायत में किसान परिषद के सुखबीर खलीफा और किसान सभा के रूपेश वर्मा ने पहुंचकर अपना समर्थन दिया।

किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि प्राधिकरण के अधिकारी लंबे समय से किसानों का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “आबादी बचाने और रोजगार दिलाने के नाम पर किसानों को हमेशा गुमराह किया गया है। किसानों की पुस्तैनी आबादियों को धारा 10 का नोटिस देकर तोड़ा जा रहा है, जबकि अवैध रूप से कालोनी काटने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।”

प्रधान ने आगे कहा कि किसानों में प्राधिकरण के खिलाफ जबरदस्त रोष है और संगठन किसानों और युवाओं की मांगों को लेकर आंदोलन से पीछे हटने वाला नहीं है।

प्राधिकरण पर लगे गंभीर आरोप

किसान नेताओं ने प्राधिकरण को किसानों से रोजगार के लिए किए गए वादे को पूरा करने की मांग की। उन्होंने लीजबैक, अतिरिक्त मुआवजा वितरण और सात प्रतिशत आबादी भूखंड के विलंब पर भी प्राधिकरण अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई। किसानों ने चेतावनी दी कि उनकी पुरानी आबादी तोड़ने की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसीईओ ने दिया दो महीने का आश्वासन

किसानों के बीच पहुंचे यीडा के एसीईओ राजेश कुमार सिंह ने दो महीने में किसानों की आबादियों का निस्तारण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने अवैध रूप से काटी गई और काटी जा रही कालोनियों के ध्वस्तीकरण और युवाओं को नौकरी दिलाने का भी आश्वासन दिया। उच्च स्तरीय वार्ता कराने पर सहमति के बाद महापंचायत समाप्त हुई।

इस दौरान सतीश कनारसी, ऊदल आर्य, विक्रम नागर, पप्पे नागर, प्रमोद शर्मा, वनीश प्रधान, मेहरबान, जगवीर नंबरदार, उम्मेद एडवोकेट आदि उपस्थित रहे।

Share This Article
एनसीआर खबर दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews.ncrkhabar@gmail.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I अपना सूक्ष्म सहयोग आप हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : 9654531723@paytm के जरिये दे सकते है