नई दिल्ली: आज नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। ये कार्यकर्ता भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर अपना विरोध जता रहे थे और उन्होंने प्रधानमंत्री पर ‘कॉम्प्रोमाइज्ड’ होने का आरोप लगाया।
भारत मंडपम में चल रहे शिखर सम्मेलन के विभिन्न पवेलियनों में जाकर प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद’ के नारे लगाते और विरोध स्वरूप अपनी शर्ट उतारते भी देखा गया। मौके पर मुस्तैद दिल्ली पुलिस के जवानों ने प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लेकर शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल से दूर किया।
‘देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं’ – भारतीय युवा कांग्रेस
भारतीय युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से अपने प्रदर्शन को उचित ठहराया। उन्होंने लिखा, “जब विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो… तो साफ है, पीएम मोदी कॉम्प्रोमाइज्ड हैं!! इसी सच्चाई को बेनकाब करने भारतीय युवा कांग्रेस के जांबाज कार्यकर्ता एआई समिट पहुंचे और ‘कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया!” उन्होंने ‘देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं!’ का आह्वान करते हुए ‘इंकलाब जिंदाबाद’ का नारा भी लगाया।
भाजपा ने बताया ‘देश विरोधी कृत्य’
इस प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इस कृत्य को ‘देश विरोधी’ करार देते हुए कहा कि देश की जनता इनको उचित जवाब देगी।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, “कांग्रेस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके लिए एआई ‘महत्वाकांक्षी भारत’, ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ या ‘आकांक्षी भारत’ नहीं है। उनके लिए एआई भारत-विरोधी है। यह कांग्रेस कांग्रेस नहीं, बल्कि एएनसी है, यानी राष्ट्र-विरोधी कांग्रेस।” पूनावाला ने आगे कहा कि एआई शिखर सम्मेलन की दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है – राष्ट्रपति मैक्रों से लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव, सैम ऑल्टमैन से लेकर सुंदर पिचाई तक सभी इसकी सराहना कर रहे हैं। यहां तक कि शशि थरूर ने भी एआई शिखर सम्मेलन को उत्कृष्ट बताया। उन्होंने इस प्रदर्शन को ‘राहुल गांधी के इशारे पर किया गया चरित्रहीन, बुद्धिहीन और भावनाहीन विरोध प्रदर्शन’ बताते हुए कहा कि यह भाजपा या प्रधानमंत्री के खिलाफ नहीं, बल्कि ‘भारत की उपलब्धियों के खिलाफ’ है।


