उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में 300 बेड वाले केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का किया उद्घाटन

NCRKhabar Mobile Desk
7 Min Read

उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा (वेस्ट) के सेक्टर-10 में 300 बेड वाले फुल स्पेक्ट्रम टर्शरी केयर प्रदान करने वाले केडीएसजी सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल का रिबन काटकर विधिवत् रूप से उद्घाटन किया। इस दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी ने अस्पताल में स्थापित अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। यह अस्पताल एन0सी0आर0 में हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और तेजी से विकसित हो रहे शहरी इलाकों में उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह अस्पताल भारत की 1983 विश्व कप विजेता क्रिकेट टीम के कप्तान कपिलदेव और उद्योगपति सुनील कुमार गुप्ता द्वारा स्थापित किया गया है।

- Support Us for Independent Journalism-
Ad image
img 20260306 wa00309073197783617745526


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारत के गौरव, जिनके नेतृत्व में देश ने विश्व कप जीता, ऐसे महान क्रिकेटर कपिल देव जी को और उद्योगपति सुनील कुमार गुप्ता जी सहित उनके पूरे समूह को, इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए हृदय से बधाई और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर जनपद के ग्रेटर नोएडा में इस अत्याधुनिक अस्पताल की स्थापना से केवल इस जनपद के नागरिकों को ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य जनपदों और पूरे एनसीआर क्षेत्र के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्राप्त होंगी।

- Advertisement -
Ad image

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण योजनाएँ प्रारंभ हुई हैं, जिनमें से आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है। आज देश में लगभग 60 करोड़ से अधिक लोग इस योजना का लाभ ले रहे हैं, जिसमें उत्तर प्रदेश इस योजना के क्रियान्वयन में देश का अग्रणी राज्य बना है। उत्तर प्रदेश में अब तक 05 करोड़ 60 लाख से अधिक गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। जो भी व्यक्ति पात्रता सूची में आता है, वह किसी भी सूचीबद्ध सरकारी या निजी अस्पताल में जाकर इस योजना के तहत उपचार प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा की परिभाषा केवल आधुनिक सुविधाओं से नहीं, बल्कि सस्ती, सुलभ और विश्वसनीय सेवा से होनी चाहिए। मरीज को सही उपचार मिले, किसी प्रकार की अनियमितता या शोषण न हो, और उसे डॉक्टर तथा अस्पताल पर पूरा विश्वास हो। उन्होंने कहा जब कोई मरीज डॉक्टर के पास आता है तो वह एक विश्वास के साथ आता है, डॉक्टर का व्यवहार, उसकी सलाह और उसका आचरण मरीज के मनोबल को बढ़ाता है। कई बार डॉक्टर का अच्छा व्यवहार ही मरीज की आधी बीमारी समाप्त कर देता है। स्वास्थ्य सेवा में दवा और दुआ, दोनों का महत्व होता है। जब डॉक्टर समर्पण से सेवा करते हैं तो उन्हें मरीजों की दुआ मिलती है और मरीज को सही दवा मिलने से वह शीघ्र स्वस्थ होता है। इससे अस्पताल और डॉक्टर दोनों की प्रतिष्ठा बढ़ती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े स्तर पर परिवर्तन हुए हैं। वर्ष 2014 तक देश में केवल 6 एम्स ही कार्य कर रहे थे, जबकि आज देशभर में 23 एम्स और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य संस्थान कार्यरत है। उत्तर प्रदेश में भी स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। वर्ष 2017 से पहले राज्य में सरकारी क्षेत्र में केवल 17 मेडिकल कॉलेज संचालित थे। आज हमने “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” के लक्ष्य को लगभग प्राप्त कर लिया है और वर्तमान में प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। यदि केडीएसजी समूह भविष्य में मेडिकल कॉलेज के क्षेत्र में भी आगे आना चाहता है, तो प्रदेश सरकार उनका स्वागत करेगी, क्योंकि इससे मेडिकल प्रोफेशनल्स तैयार करने में भी मदद मिलेगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ भी मिलेंगी। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल केवल सेवा का माध्यम ही नहीं, बल्कि रोजगार का भी एक बड़ा अवसर बनेगा। 300 बेड के इस अस्पताल में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कम से कम 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा, जिसमें डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, टेक्निशियन सहित अन्य कर्मचारी शामिल होंगे।
मुख्ममंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आयुष्मान भारत के साथ-साथ राज्य के सरकारी कर्मचारियों के अतिरिक्त 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के शिक्षक, अनुदेशक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहनें, शिक्षामित्र, अनुदेशक और बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों को भी यह सुविधा प्रदान की गई है। यदि कोई पात्र व्यक्ति आयुष्मान भारत या मुख्यमंत्री योजना के अंतर्गत कवर नहीं हो पाता है, तो उसे मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता प्रदान की जाती है। पिछले एक वर्ष में मुख्यमंत्री राहत कोष से लगभग 1300 करोड़ रुपये की सहायता प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में मरीजों को दी गई है।

इस अवसर पर कपिल देव ने कहा, “केडीएसजी की स्थापना इस विश्वास पर आधारित है कि अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं आदर्श, सुलभ और पूरी तरह मरीज केंद्रित होनी चाहिए। ग्रेटर नोएडा को इन मूल्यो पर चलने वाली ऐसी संस्था की जरूरत थी, और आज हमें गर्व है कि हम इसे साकार कर पाए हैं।” यह अस्पताल ग्रेटर नोएडा के सबसे आधुनिक और सभी सुविधाओं से लेस सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों में से एक है। यहां अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, मल्टी-स्पेशियलिटी आईसीयू, पूरी तरह सुसज्जित कैथेटराइजेशन लैब, डेडिकेटेड इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर तथा रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और न्यूक्लियर मेडिसिन से जुड़ी आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में कार्डियोलॉजी और कार्डियक साइंसेस, ऑन्कोलॉजी, न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स और जॉइंट रिप्लेसमेंट, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, क्रिटिकल केयर मेडिसिन, इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर, पल्मोनोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और पीडियाट्रिक्स सहित कई विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद डाॅ महेश शर्मा, विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधायक जेवर धीरेन्द्र सिंह, विधान परिषद सदस्य नरेन्द्र भाटी, श्रीचंद शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसादिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित पुलिस, जिला प्रशासन व प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ अजींक्य डीवाई पाटिल हेल्थ केयर से डॉक्टर अजींक्य डिवाइ पाटिल व अस्पताल प्रबंधन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Share This Article
एनसीआर खबर दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews.ncrkhabar@gmail.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I अपना सूक्ष्म सहयोग आप हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : 9654531723@paytm के जरिये दे सकते है