शुक्रवार देर शाम हुई अचानक तेज बारिश ने नोएडा के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। नोएडा के 50 वे वर्ष पुरे होने वाले 17 अप्रैल की शाम होते ही शुरू हुई बारिश के कारण जगह-जगह लंबा जाम लग गया और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई, जिससे नागरिकों को रातभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यातायात व्यवस्था चरमराई, घंटों फँसे रहे वाहन बारिश शुरू होते ही शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई। सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के पास सबसे लंबा जाम देखने को मिला, जहाँ मेट्रो स्टेशन के नीचे बेतरतीब ढंग से खड़े दोपहिया वाहनों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। इसके अलावा, सेक्टर-61 पर भी जाम के हालात बने रहे और सेक्टर-18 में भी वाहन धीमी गति से गुजरे। जलभराव के कारण कई मार्गों पर वाहनों की कतारें इतनी लंबी हो गईं कि लोगों को घंटों तक फँसा रहना पड़ा। यातायात सामान्य होने में देर रात तक का समय लग गया।
तेज हवाओं और बारिश ने उड़ाई बिजली बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने शहर की बिजली व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित किया। कई सेक्टरों में बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं और पेड़ों की टहनियाँ टूटने से दिक्कतें और बढ़ गईं। नतीजन, सेक्टर-49, 55, 56, 99, 100, 104, 105, 108, 110, 2, 15, 15ए, 27, 30, 31 सहित अनेक इलाकों में रातभर बिजली गुल रही। लोगों को अंधेरे में समय काटना पड़ा, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। कई मुख्य फीडर भी ठप पड़ गए।
बिजली विभाग के मुख्य अभियंता एस.के. जैन ने बताया कि बारिश के दौरान सुरक्षा कारणों से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्थिति सामान्य होने और लाइनों की जाँच के बाद ही आपूर्ति सुचारू की गई।
देर रात तक कई इलाकों में बिजली और यातायात की समस्या बनी रही, जिससे शुक्रवार की शाम शहरवासियों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुई।


