गाजियाबाद (खोड़ा)। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में 11वीं के छात्र सूर्या की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे हत्या की धाराओं में तरमीम किया है और मुख्य आरोपी के पिता नवाब, उसके साथी आतिफ और फरहान को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बाइक चलाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सूर्या और मुख्य आरोपी के बीच बकरीद के दिन सुबह के समय बाइक चलाने को लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने सूर्या पर चाकू से हमला किया, जो उसके शरीर में करीब चार इंच तक अंदर घुस गया था। इसी गंभीर चोट के कारण छात्र की जान चली गई।
मुबारकबाद के बहाने बुलाया और किया हमला
पुलिस के अनुसार, वारदात वाले दिन मुख्य आरोपी ने सूर्या को कुर्बानी देने में मदद के लिए बुलाया था। पहले तो सूर्या ने मना कर दिया, लेकिन बाद में ईद की मुबारकबाद और पार्टी की बात कहकर आरोपी ने उसे एक निश्चित स्थान पर बुला लिया। जैसे ही सूर्या वहां पहुंचा, आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
शनिवार को इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। खोड़ा मुख्य बाजार की आधे से अधिक दुकानें बंद रहीं और गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, राष्ट्रीय हनुमान दल और हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

कैबिनेट मंत्री का बयान: “मिलेगी ऐसी सजा जो मिसाल बनेगी”
इस घटना पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से कहा कि सूर्या की हत्या अत्यंत हृदय विदारक है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को ऐसी सख्त सजा दिलाई जाएगी जो समाज के लिए एक स्पष्ट संदेश होगी।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। पीड़ित परिवार और स्थानीय निवासी दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


