जेवर के बनवासीबास गांव में हुए 15 वर्षीय छात्र गोपाल शर्मा की हत्या के मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने संभाल ली है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के आदेश के बाद, क्राइम ब्रांच की टीम बृहस्पतिवार को मृतक छात्र के गांव पहुंची और परिवार के सदस्यों से गहन बातचीत की, साथ ही उनके विस्तृत बयान भी दर्ज किए।
यह कदम परिजनों और गांव वालों द्वारा पूर्व में की गई पुलिस जांच पर सवाल उठाने और लगातार सीबीआई जांच की मांग करने के बाद उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव बनवासीबास निवासी गोपाल शर्मा का शव 22 मई को नजदीक के गांव रोही में एक खाली मकान के अंदर मिला था। परिवार के लोगों ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे की क्रूरता के साथ हत्या की गई है। इस मामले में स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को चिह्नित किया था और 27 मई को एक मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था।
हालांकि, परिवार के लोग पुलिस की इस जांच से संतुष्ट नहीं थे और उन्होंने जांच पर लगातार सवालिया निशान लगाए थे। परिवार और गांव के लोग लगातार सीबीआई जांच की मांग भी कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पूरे प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए दुबारा से जांच के लिए क्राइम ब्रांच को जिम्मेदारी सौंपी है।

क्राइम ब्रांच की टीम ने बृहस्पतिवार को बनवासीबास गांव पहुंचकर परिजनों से विस्तार से बात की। उन्होंने मृतक बच्चे के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए। पुलिस का मानना है कि इस नई जांच से मामले की सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा सकेगी और परिवार की शंकाओं को दूर किया जा सकेगा।


