ग्रेटर नोएडा वेस्ट। राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में शुक्रवार रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। मां के साथ कहासुनी के बाद एक 21 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर पहले अपनी मां पर चाकू से हमला किया और फिर पांचवीं मंजिल से कूद गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार और सोसाइटी के लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। बिसरख कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सागर यादव (21) पुत्र अनिल यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव पतवाड़ी का निवासी था। सागर वर्तमान में अपने परिवार के साथ राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के टावर-1 में फ्लैट नंबर 1804 में रहता था। शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसकी अपनी मां से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान सागर ने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सागर मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं था। घटना के दौरान वह अपने फ्लैट से निकलकर नीचे आया और पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की मां का भी प्राथमिक उपचार कराया गया है।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान रहता था। घटना वाली रात उसकी मां से घरेलू विवाद के कारण कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवक ने अपनी मां को घर में सब्जी बनाने के लिए रखे चाकू से वार कर दिया। उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद के बाद उठाए गए आत्मघाती कदम का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


