जनपद में व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु आज मुख्य विकास अधिकारी (CDO) भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापार बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया।
बैठक में व्यापारिक प्रतिनिधियों ने कई प्रमुख समस्याओं को उठाया, जिनमें यातायात व्यवस्था में सुधार, पार्किंग की समुचित व्यवस्था, अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण, साफ-सफाई की अव्यवस्था, मानसून में होने वाला जलभराव तथा सड़कों पर गड्ढों के कारण होने वाली परेशानी शामिल थी। उन्होंने अनुरोध किया कि संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक सुधार कर व्यापारियों एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने व्यापारिक प्रतिनिधियों द्वारा रखे गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित प्राधिकरणों एवं विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। CDO ने जोर दिया कि व्यापारियों से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बैठक में उठाए गए प्रत्येक प्रकरण पर समन्वय के साथ कार्रवाई की जाए और निर्धारित समयावधि में उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भाल चंद्र त्रिपाठी ने यह भी कहा कि ऐसी समस्याओं के समाधान में गुणवत्ता और स्थायित्व का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि जनपद में व्यापारिक गतिविधियों के लिए बेहतर, सुगम और व्यवस्थित वातावरण तैयार हो सके।

बैठक में डिप्टी कमिश्नर प्रशासन राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, एसीपी ट्रैफिक पवन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




