शिकारपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, अनिल शर्मा कैंसर से पीड़ित थे और दिल्ली के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। वह योगी सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री का पद भी संभाल चुके थे।
अनिल शर्मा बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव सुरजावली के मूल निवासी थे। उन्होंने बेहद कम उम्र में ग्राम सुरजावली के निर्विरोध प्रधान के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी।
वह चार बार विधायक चुने गए। साल 2002 में उन्होंने पहली बार खुर्जा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर चुनाव जीता था। इसके बाद, 2007 में भी वह खुर्जा सीट से बसपा के टिकट पर दूसरी बार विधायक चुने गए। हालांकि, 2012 में उन्हें शिकारपुर सीट से बसपा के टिकट पर हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद अनिल शर्मा भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा के टिकट पर उन्होंने 2017 में शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और शानदार जीत दर्ज की। इस दौरान उन्हें प्रदेश की योगी सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री बनाया गया। अनिल शर्मा ने साल 2022 में भी भाजपा के टिकट पर शिकारपुर सीट से चुनाव लड़कर अपनी विधायक की कुर्सी बरकरार रखी थी।
उनके निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है।




