आशु भटनागर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों के भीतर रणनीतिक खींचतान और गठबंधन के समीकरण तेज हो गए हैं। गौतमबुद्ध नगर जिले में सीटों के संभावित बंटवारे को लेकर उभर रही तस्वीरों के बीच नोएडा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी के रूप में मुकेश शर्मा का नाम सबसे आगे माना जा रहा है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुई कांग्रेस की 181 सीटों की मांग सूची से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गर्म हैं। इस सूची के अनुसार, कांग्रेस ने गौतमबुद्ध नगर जिले की तीन सीटों में से बस दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों पर अपनी दावेदारी जताई है, जबकि नोएडा सीट को समाजवादी पार्टी के खाते में जाने के लिए छोड़ दिया गया है। पार्टी सूत्रों की माने तो समाजवादी पार्टी नोएडा और दादरी अपने साथ रखने जा रही है जबकि जेवर कांग्रेस को दे रही है।

नोएडा सीट का समीकरण और कांग्रेस की रणनीति
इससे पूर्व यह अनुमान लगाया जा रहा था कि शहरी क्षेत्र होने के कारण कांग्रेस नोएडा सीट पर अपना दावा प्रस्तुत करेगी, जहां से 2022 के चुनाव में पंखुड़ी पाठक प्रत्याशी रही थीं। हालांकि, वायरल सूची से संकेत मिलता है कि 2022 के परिणामो की तुलना के बाद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच प्राथमिक सहमति बन चुकी है।
नोएडा सीट सपा के खाते में जाने की स्थिति में पार्टी के भीतर कई नामों पर विचार चल रहा था, जिनमें मनोज सिंह चौहान, सुभाष भाटी और मुकेश शर्मा के नाम प्रमुख थे। लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और स्थानीय फीडबैक के आधार पर मुकेश शर्मा की दावेदारी को सबसे मजबूत माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, समाजवादी पार्टी की पहली आधिकारिक सूची में नोएडा सीट के उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जा सकती है।
सामाजिक समीकरण और जातीय आधार
समाजवादी पार्टी के आंतरिक सर्वे और जमीनी फीडबैक के अनुसार, नोएडा विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या निर्णायक भूमिका में है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा विधायक पंकज सिंह के मुकाबले एक समर्थ, सक्षम और प्रभावशाली ब्राह्मण चेहरे को मैदान में उतारना राजनीतिक रूप से लाभदायक सिद्ध हो सकता है।
सपा की रणनीति अपने मूल ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन के साथ-साथ कुछ विशिष्ट सीटों पर उच्च वर्ग के प्रभावशाली चेहरों को प्राथमिकता देकर व्यापक जनाधार हासिल करने की है और इसको हासिल करने के लिए अखिलेश यादव स्वयं भी पहली बार नोएडा में कोई बड़ी रैली या जनसभा कर सकते हैं ।
स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क अभियानों में तेजी
सूत्रों की माने तो सपा सुप्रीमो की सहमति के बाद ही मुकेश शर्मा बीते छह महीनों से नोएडा के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और नागरिक संगठनों के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। मुकेश शर्मा की लोगों में पहुँच, स्वीकार्यता और कुशल संयोजन का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उन्होंने बीते तीन दिनों में एक लाख से ज्यादा लोगों को राम कथा के माध्यम से एक साथ जोड़ लिया, रोचक तथ्य ये भी है कि इसमें भाजपा के कई बड़े असंतुष्ट नेता और वो शहरी और समर्पित समर्थक (फ्लोटिंग वोटर) भी दिखाई दिए जो आज तक नोएडा में समाजवादी पार्टी के किसी भी सामाजिक और धार्मिक काम में कभी दिखाई नहीं दिए हैं। लखनऊ सूत्रों का दावा है कि पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव मुकेश शर्मा के इस रणनीति से शहर में हो रहे इस परिवर्तन से बेहद प्रसन्न हैं और जल्द ही वो इस सीट पर उनके नाम की घोषणा कर सकते हैं, कहा तो ये भी जा रहा ही कि पार्टी का स्थानीय संगठन लगातार उनके कार्यक्रमों को परदे के पीछे से सहयोग दे रहा है।
सपा का चुनावी एजेंडा और घोषणापत्र की तैयारी
2027 के विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और सरकारी शिक्षण संस्थाओं की स्थिति जैसे प्रशासनिक मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने “वोट बचाओ, संविधान बचाओ” के आह्वान के साथ अपने चुनावी अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की है।
इसके अतिरिक्त, पार्टी रोजगार, संवैधानिक सुरक्षा और सामाजिक न्याय के वादों के साथ जनता के बीच पहुंच रही है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पार्टी 26 नवंबर को अपना आधिकारिक चुनावी घोषणापत्र जारी कर सकती है, जिसमें विभिन्न वर्गों के लिए विशेष प्रावधानों की घोषणा संभावित है।



