सत्ता के गलियारों से : नोएडा कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता के पीछे का सियासी समीकरण और ‘पर्दे के पीछे’ का खेल, दादरी विधानसभा में ‘नागर बनाम नागर’ की जंग में उलझे भाजपा के समीकरण और क्या दादरी में समाजवादी पार्टी छोड़ सकती है कांग्रेस के लिए अपनी दावेदारी?

आशु भटनागर
7 Min Read

आशु भटनागर। सत्ता के गलियारों में इस बार पहले चर्चा नोएडा कांग्रेस को लेकर हो रही है। दावा किया जा रहा है कि नोएडा कांग्रेस से इस बार विधानसभा चुनाव में अपनी तैयारी को लेकर बहुत आशान्वित है, कई छिपे हुए दावेदार गठबंधन में इस सीट को अपने लिए सुरक्षित सीट मान रहे हैं । नोएडा कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों में कई सामाजिक प्रतिनिधियों और RWA के नेताओं की एंट्री हुई है। हालांकि, इस घटनाक्रम का रोचक पक्ष यह है कि इनमें से अधिकांश चेहरे कल तक भाजपा के स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा के करीबी माने जाते थे। ये नेता न केवल अपने सामाजिक कार्यक्रमों में डॉ. शर्मा को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित करते थे, बल्कि उनके सहयोग से ही अपनी स्थानीय राजनीति का संचालन भी कर रहे थे। अब इस अचानक हुए हृदय परिवर्तन ने राजनीतिक विश्लेषकों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। शहर में यह चर्चा आम है कि कांग्रेस के कुछ महत्वाकांक्षी चेहरे, जो गठबंधन के सहारे अपनी चुनावी नैया पार लगाने की सोच रहे हैं, उन्हें डॉ. महेश शर्मा का ‘परोक्ष आशीर्वाद’ प्राप्त है। इसे एक बड़े राजनीतिक खेल के तौर पर देखा जा रहा है जिसमें विपक्षी खेमे में अपने अनुकूल मोहरे बिठाने की रणनीति हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे खेल को अंजाम देने के लिए एक पीआर (पब्लिक रिलेशंस) कंपनी चलाने वाले महत्वाकांक्षी चेहरों को कांग्रेस में आगे किया गया है। जानकारी मिली है कि दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में इन लोगों को बाकायदा इस आश्वासन के साथ शामिल कराया गया है कि यदि गठबंधन में यह सीट कांग्रेस के पाले में आती है, तो उन्हें ही प्रत्याशी बनाया जाएगा। इसके बदले में पार्टी ने एक अनूठी शर्त रखी है। सूत्रों का दावा है कि इन पीआर पेशेवरों को कांग्रेस के प्रचार-प्रसार का जिम्मा सौंपा गया है, जिसमें वे अपने निजी संसाधनों और धन का उपयोग करेंगे। इसे एक प्रकार के ‘प्रायोजित राजनीतिक अभियान’ के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, कांग्रेस के भीतर की राजनीति को समझने वाले जानते हैं कि यहाँ अंतिम निर्णय काफी जटिल होता है। राजनीतिक हलकों में यह कहावत मशहूर हो रही है कि “होई वही जो गांधी परिवार रचि राखा।” भले ही स्थानीय स्तर पर और दिल्ली कार्यालय के कुछ कमरों में टिकट के वादे कर दिए गए हों, लेकिन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अंततः किसे मैदान में उतारता है, यह अभी गर्भ में है। वर्तमान में शामिल हो रहे चेहरों को केवल ‘प्रत्याशी’ मान लेना जल्दबाजी होगी। नोएडा की इस सियासी फिल्म में अभी कई मोड़ आने बाकी हैं, और यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह ‘पीआर रणनीति’ और ‘पर्दे के पीछे का समर्थन’ वास्तव में वोट बैंक में तब्दील हो पाता है या नहीं।

Ad image

सत्ता के गलियारों में दूसरी चर्चा दादरी विधानसभा से नागर बनाम नागर का है । दरअसल दादरी विधानसभा सीट के लिए हो रहे सर्वे में वर्तमान विधायक की रिपोर्ट लगातार नेगेटिव जा रही है सूत्रों की माने तो 5 में से दो सर्वे अभी तक हो चुके हैं तीन सर्वे की तैयारी चल रही है ऐसे में इस क्षेत्र में नागर बनाम अन्य गुर्जर के साथ-साथ नागर बनाम नागर की त्रिकोणीय लड़ाई भी रोचक हो चली है । जानकारी के अनुसार दादरी विधायक के टिकट को कटवाने के लिए भाजपा के ही एक राज्यसभा सांसद और एक नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कमर कस ली है, बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय अध्यक्ष जहां वर्तमान विधायक से 2017 में उनके टिकट को काटकर टिकट मिलने का हिसाब पूरा करना चाहते हैं तो गुर्जर समुदाय के क्षेत्र में सबसे बड़े नेता कहे जाने वाले तीसरे नगर इस बार राज्यसभा की जगह दादरी से विधायक बनकर प्रदेश में बड़े मंत्री पद के सपने संजो रहे हैं अब इस सब में किसका पलड़ा भारी होगा यह नोएडा के लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा पर निर्भर करता है । दरअसल चर्चा यह भी है कि डॉक्टर महेश शर्मा भी इस बार अपने प्रिय विधायक से थोड़े से नाराज हैं और वह भी किसी नए चेहरे पर दावा खेलने में लगे हैं सूत्रों का दावा है कि नागर बनाम नागर की त्रिकोणीय लड़ाई में जब सारे चेहरे एक्सपोज हो जाएंगे तब डॉक्टर साहब किसी ब्राह्मण चेहरे को दादरी सीट पर ला सकते हैं और यही इस सीट का मास्टर स्ट्रोक होने वाला है।

- Advertisement -
Ad image

सत्ता के गलियारों की तीसरी चर्चा भी दादरी विधानसभा से ही है जानकारों की माने तो समाजवादी पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा) इस बार गठबंधन की राजनीति के तहत दादरी विधानसभा सीट को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के लिए छोड़ने का मन बना चुकी है।यदि यह चर्चा वास्तविकता में बदलती है, तो इसका सबसे बड़ा प्रभाव उन स्थानीय नेताओं पर पड़ेगा जो लंबे समय से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने का सपना संजोए हुए थे। वर्तमान में, दादरी में सपा के भीतर नेतृत्व को लेकर एक अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो गई है। उक्त नेता ने अपनी पार्टी के ही एक अन्य पूर्व कद्दावर नेता को दादरी से टिकट दिलवाने का आश्वासन दिया था। इस रणनीति के माध्यम से वे क्षेत्र में अपने राजनीतिक प्रभाव को पुनः स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे। किंतु, अब गठबंधन की नई संभावनाओं ने उनकी सारी गणित बिगाड़ दी है। यदि यह सीट कांग्रेस के खाते में चली जाती है, तो सपा के उन ‘टिकटार्थियों’ की योजनाएं धरी की धरी रह सकती हैं जिन्होंने महीनों से क्षेत्र में जनसंपर्क और घेराबंदी शुरू कर दी थी। ऐसे में कहा तो ये जा रहा है कि दादरी में मतों के ध्रुवीकरण और पिछले चुनावी परिणामों को देखते हुए सपा आलाकमान शायद यहाँ किसी नए प्रयोग के पक्ष में है। कांग्रेस को यह सीट देने से गठबंधन में एकजुटता का संदेश जाएगा, लेकिन स्थानीय स्तर पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ने का जोखिम भी बना हुआ है। क्योंकि स्थानीय सपा नेता दादरी से इस बार जीत की आशा कर रहे थे।

Share This Article
आशु भटनागर बीते 15 वर्षो से राजनतिक विश्लेषक के तोर पर सक्रिय हैं साथ ही दिल्ली एनसीआर की स्थानीय राजनीति को कवर करते रहे है I वर्तमान मे एनसीआर खबर के संपादक है I उनको आप एनसीआर खबर के prime time पर भी चर्चा मे सुन सकते है I Twitter : https://twitter.com/ashubhatnaagar हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I एनसीआर खबर पर समाचार और विज्ञापन के लिए हमे संपर्क करे । हमारे लेख/समाचार ऐसे ही सीधे आपके व्हाट्सएप पर प्राप्त करने के लिए वार्षिक मूल्य(रु999) हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : ashu.319@oksbi के जरिये देकर उसकी डिटेल हमे व्हाट्सएप अवश्य करे