आशु भटनागर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनैतिक गलियारों में समय से पूर्व ही सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं और सीट बंटवारे के दावों ने स्थानीय नेताओं की धड़कनें बढ़ा दी हैं। विशेष रूप से गौतम बुद्ध नगर जिले की नोएडा और दादरी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के दावेदारों को बड़ा झटका लगता दिख रहा है। समाजवादी पार्टी द्वारा प्रस्तावित ‘स्पेशल 26’ की सूची ने कांग्रेस के उन नेताओं के सपनों पर पानी फेर दिया है, जो आगामी चुनाव में भाजपा के खिलाफ बढ़ती ‘एंटी इनकंबेंसी’ (सत्ता विरोधी लहर) के सहारे अपनी जीत की उम्मीद लगाए बैठे थे।
कांग्रेस खेमे में छाई मायूसी
पिछले एक दशक से सत्ता से बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ता इस बार नोएडा और दादरी में अपने लिए अनुकूल अवसर देख रहे थे। नोएडा विधानसभा सीट से पूर्व महानगर अध्यक्ष रामकुमार तंवर, दिनेश अवाना और सत्येंद्र शर्मा जैसे अनुभवी नेता टिकट की कतार में थे। वहीं, दादरी विधानसभा सीट से जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नामों की भी खासी चर्चा थी।

सूत्रों के अनुसार, नोएडा के एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने तो हाल ही में एक सार्वजनिक समारोह में भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा के समक्ष यह दावा तक कर दिया था कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी से उनकी निकटता के कारण नोएडा की सीट उनके लिए पक्की है। हालांकि, सपा के नए प्रस्ताव ने इन व्यक्तिगत दावों पर अनिश्चितता के बादल मंडरा दिए हैं।
सपा के रणनीतिक तर्क: क्यों फंसा है पेंच?
समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में नोएडा और दादरी सीट अपने पास रहने की संभावना पर उत्साह देखा जा रहा है। सपा के रणनीतिकारों का मानना है कि दादरी सीट कांग्रेस को देना पार्टी के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। इसके पीछे ‘गुर्जर अस्मिता’ और हाल ही में दादरी में हुई सपा की सफल रैली के बाद बने माहौल का हवाला दिया जा रहा है।
वहीं, नोएडा सीट को लेकर समाजवादी पार्टी एक नई और आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है। चर्चा है कि सपा ने नोएडा में एक ऐसे ‘दमदार’ ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाने का मन बनाया है, जो न केवल आर्थिक रूप से संपन्न है, बल्कि सामाजिक तोर पर शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में गहरी पैठ रखता है। सपा समर्थकों का दावा है कि यह नया प्रत्याशी पार्टी के पूर्व के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (64,000 वोट) को 1.5 लाख से 2 लाख वोटों तक ले जाने की क्षमता रखता है।सरकार विरोध की हवा चली तो जीत भी सकता है बताया जा रहा है कि भाजपा के कुछ असंतुष्ट नेता भी इस संभावित प्रत्याशी के संपर्क में हैं।
‘स्पेशल 26’ के इस समीकरण में जेवर विधानसभा के कांग्रेस दावेदारों, अजय छोंकर और सतीश शर्मा के लिए स्थिति अभी पूरी तरह विपरीत नहीं हुई है। राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि गठबंधन के तहत जेवर की सीट कांग्रेस के खाते में जाने की संभावनाएं अभी भी जीवित हैं, जो वहां के दावेदारों के लिए राहत की बात हो सकती है।
गठबंधन की बैठक पर टिकी निगाहें
मंगलवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच सीट बंटवारे को लेकर गहन मंथन हुआ है। लगभग दो घंटे से चल रही इस चर्चा में ‘स्पेशल 26’ और कांग्रेस की 181 सीटों की मांग के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि क्या कांग्रेस नेतृत्व नोएडा और दादरी जैसी प्रतिष्ठित सीटों पर अपने दावेदारों के हितों की रक्षा कर पाता है, या फिर गठबंधन के बड़े उद्देश्य के लिए इन सीटों को समाजवादी पार्टी के पाले में छोड़ना पड़ेगा। फिलहाल, गौतम बुद्ध नगर के कांग्रेसी खेमे में भविष्य को लेकर संशय और मायूसी का माहौल बना हुआ है।



