भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 6 अप्रैल को अपनी 46वीं वर्षगांठ को दिल्ली भाजपा कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ध्वजारोहण किया और इसके बाद दीप प्रज्वलन का आयोजन हुआ। 1980 में स्थापित इस पार्टी का स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह से परिपूर्ण था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “BJP की यात्रा 1980 से शुरू होकर अब इस मुकाम पर पहुंची है, जहां हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुके हैं। यह हम सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। हम गर्व महसूस करते हैं कि हम उस पार्टी का हिस्सा हैं, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करिश्माई शक्ति और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मजबूत नेतृत्व में हो रहा है।” उन्होंने आगे कहा, “आज NDA की सरकार 21 राज्यों में है, और दिल्ली 13वां राज्य है, जहां BJP को पूर्ण बहुमत मिला है। हमारा कर्तव्य है कि देश के हर शहर में भाजपा का झंडा लहराए।”