थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने एक कंपनी से इलेक्ट्रिक पैनल का कीमती सामान चोरी करने वाले पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में कंपनी के पूर्व कर्मचारी भी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में इलेक्ट्रिक उपकरण बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मई 2026 को थाना ईकोटेक-3 पर युनीक टेक्नोजीसस कंपनी के मालिक धर्मेन्द्र पांडे द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी कंपनी से अज्ञात चोरों द्वारा इलेक्ट्रिक पैनल का महत्वपूर्ण सामान चोरी कर लिया गया है। इस सूचना पर थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी।
विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान, पुलिस को इस चोरी की घटना में कंपनी के पूर्व में नियुक्त कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता का पता चला। इसी सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए, थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने कंपनी के सामने से चोरी करने वाले पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान 1. रिषभ मिश्रा पुत्र अनीस मिश्रा (निवासी ग्राम चन्दपुरा, थाना करहल, मैनपुरी, वर्तमान पता कस्बा व थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर), 2. जिशान पुत्र मौ0 शकील (निवासी रजा कॉलोनी, किदवई नगर, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर), 3. भारती पुत्र दुर्योधन (निवासी खड्डा कॉलोनी, थाना इकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर), 4. मोनू पुत्र रामनरेश (निवासी कस्बा व थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर) और 5. सन्तोष कुमार सिंह पुत्र हलदर सिंह (निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद) के रूप में हुई है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। बरामद किए गए सामान में 01 साफ्ट स्टार्टर सुपरनोवा, 09 एल्युमिनियम बसबार, 09 सीमेंस डिस्प्ले, 04 पीएलसी, 02 ट्रांसफार्मर और 13 राउटर/मॉडेम शामिल हैं।
इस संबंध में थाना ईकोटेक-3 पर मु0अ0सं0 203/2026 धारा 305(ए)/317(2)/ 3 (5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है।


