ग्रेटर नोएडा, 15 मई 2026: भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने श्रमिकों और आम राहगीरों को बड़ी राहत दी है। डेल्टा लेबर चौक पर प्राधिकरण द्वारा स्थापित किए गए नए वाटर एटीएम का शुक्रवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर ने विधिवत शुभारंभ किया।
श्रमिकों की सुविधा का रखा गया विशेष ध्यान
डेल्टा लेबर चौक एक व्यस्त इलाका है, जहां रोजाना सुबह बड़ी संख्या में श्रमिक काम की तलाश में जुटते हैं। तपती दोपहर में इन श्रमिकों और वहां से गुजरने वाले राहगीरों को पेयजल की भारी किल्लत का सामना करना पड़ता था। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर, इस समस्या का स्थायी समाधान करते हुए यहां आरओ युक्त वाटर एटीएम लगाया गया है। अब श्रमिकों को भीषण गर्मी में भी शुद्ध और ठंडा पानी निशुल्क उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक ने की प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान विधायक तेजपाल नागर ने कहा, “लेबर चौक पर वाटर एटीएम की स्थापना एक अत्यंत सराहनीय कदम है। यहां आने वाले श्रमिकों के लिए शुद्ध पेयजल एक बुनियादी जरूरत थी, जिसे प्राधिकरण ने बखूबी समझा है। यह सुविधा भीषण गर्मी में निश्चित रूप से लोगों को राहत प्रदान करेगी।”
यह ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण द्वारा स्थापित किया गया दूसरा वाटर एटीएम है। इससे पूर्व, ‘नटों की मडै़या’ क्षेत्र में भी इसी प्रकार का वाटर एटीएम लगाया जा चुका है, जिसका स्थानीय निवासियों को काफी लाभ मिल रहा है। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, शहर के अन्य व्यस्त चौराहों और जनसमूह वाले स्थानों पर भी इस तरह की सुविधाएं मुहैया कराने पर विचार किया जा रहा है ताकि आम जनता को सहूलियत हो सके।

इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-5 के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, जूनियर इंजीनियर कुलदीप शर्मा और सेक्टर डेल्टा के प्रतिनिधि मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया है।


