समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ सेक्टर 24 थाने में जातिगत टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई बुधवार को एक शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने के बाद की गई।
सेक्टर 53 निवासी सुशील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मणों के लिए जातिगत टिप्पणी करने से समाज के लोग काफी आहत हुए हैं। उन्होंने पुलिस से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, यह मामला राजकुमार भाटी के दिल्ली के जवाहर भवन में 5 मई को दिए गए एक बयान से जुड़ा है। उनके ब्राह्मण विरोधी बयान को लेकर तभी से विरोध शुरू हो गया था। क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ इंटरनेट मीडिया पर भी राजकुमार भाटी का विरोध जताया गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा गया था।



