ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में प्रदेश के पहले मेडिकल डिवाइस पार्क के बाद अब एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। यीडा क्षेत्र में जल्द ही भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) का एक अत्याधुनिक अनुसंधान केंद्र स्थापित किया जाएगा। बुधवार को प्राधिकरण के चेयरमैन आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित यीडा बोर्ड की 91वीं बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
आईसीएमआर के इस अनुसंधान केंद्र के लिए सेक्टर 9 में 30 एकड़ भूमि आवंटित करने की स्वीकृति दी गई है। इस केंद्र के स्थापित होने से क्षेत्र में उन्नत चिकित्सा अनुसंधान (एडवांस रिसर्च) की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
चीन के यीवू शहर की तर्ज पर बनेगी इंटरनेशनल ट्रेड सिटी बोर्ड बैठक के दौरान यीडा इंटरनेशनल ट्रेड सिटी परियोजना का प्रस्तुतिकरण भी सदस्यों के सम्मुख किया गया। यह परियोजना चीन के प्रसिद्ध ‘यीवू इंटरनेशनल ट्रेड सिटी’ की तर्ज पर विकसित की जाएगी। प्राधिकरण की योजना 20-20 एकड़ के अलग-अलग पॉकेट में विभिन्न उत्पादों के विशिष्ट व्यापारिक केंद्र (ट्रेड हब) बनाने की है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए वैश्विक कंसल्टेंसी फर्म अर्न्स्ट एंड यंग (E&Y) से एक विस्तृत अध्ययन रिपोर्ट तैयार कराई गई है।
विकास परियोजनाओं और रियल एस्टेट पर मंथन बैठक में क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह ने बोर्ड को औद्योगिक पार्कों की प्रगति और किसानों के सात प्रतिशत आबादी भूखंडों के आवंटन की स्थिति से अवगत कराया। वहीं, रियल एस्टेट क्षेत्र की रुकी हुई (लिगेसी स्टॉल्ड) परियोजनाओं को लेकर बोर्ड में कोई नया नीतिगत दिशा-निर्देश जारी नहीं हुआ, बल्कि केवल वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया गया।

अग्निशमन व्यवस्था के लिए 50 करोड़ रुपये मंजूर बहुमंजिला और हाईराइज इमारतों में आग लगने की घटनाओं से निपटने और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए बोर्ड ने एक बड़ा फैसला लिया है। शासन के निर्देशानुसार, अग्निशमन विभाग के संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए यीडा द्वारा 50 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। इस राशि से आधुनिक संसाधन और तकनीक खरीदी जाएगी, जिससे ऊंची इमारतों में आपात स्थिति के दौरान फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद मिलेगी।
एयरपोर्ट सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए जमीन आवंटित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास और संचालन कर रही कंपनी ‘यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड’ (YIAPL) को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए भी बोर्ड ने हरी झंडी दे दी है। इसके लिए धनौरी वेटलैंड के समीप 200 वर्ग मीटर भूमि आवंटित करने पर बोर्ड ने अपनी सहमति व्यक्त की है।
यीडा की इस बोर्ड बैठक के निर्णय क्षेत्र में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास, स्वास्थ्य अनुसंधान और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।



