ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 में सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जे का एक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में आरोप लगाया गया है कि एक बड़ी कंपनी ने अपने रसूख का इस्तेमाल करते हुए जलपुरा के पास स्थित अपने गेस्ट हाउस के आगे बनी पूरी सर्विस रोड को घेरकर निजी उद्यान (गार्डन) में तब्दील कर दिया है। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष है और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
सर्विस रोड बनी निजी प्रॉपर्टी
वायरल वीडियो के अनुसार, सेक्टर-1 में जलपुरा के पास फार्म हाउस श्रेणी के तहत जमीनें आवंटित की गई थीं। यहीं पर एक बड़ी कंपनी का गेस्ट हाउस भी बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने आम जनता के आवागमन के लिए बनी सर्विस रोड पर अवैध कब्जा कर लिया है और उसे अपने गेस्ट हाउस के लॉन में मिला लिया है। सड़क बंद हो जाने के कारण आसपास के लोगों और राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों ने प्रशासन और राजनीति पर साधा निशाना
स्थानीय लोगों का कहना है कि अपनी स्थापना के 35 वर्षों के बाद भी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भू-माफियाओं और अवैध कब्जों पर पूरी तरह अंकुश लगाने में विफल रहा है। निवासियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि जहां पूर्ववर्ती सपा और बसपा सरकारों के समय दबंगों और भू-माफियाओं का कब्जा रहता था, वहीं वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब रसूखदार व्यापारी और बड़े नेता जमीनों पर अतिक्रमण कर रहे हैं। आम जनता के चलने के रास्तों को भी नहीं छोड़ा जा रहा है। बस उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ही अपेक्षाए हैं
चयनित कार्रवाई पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्राधिकरण और स्थानीय पुलिस के दोहरे रवैये पर सवाल खड़े किए हैं। निवासियों का पूछना है कि क्या ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन इस पहुंच वाली कंपनी के कथित अतिक्रमण पर कोई कठोर कार्रवाई करने की हिम्मत दिखाएगा? या फिर हमेशा की तरह कार्रवाई का चाबुक केवल रेहड़ी, पटरी और छोटे ठेले वालों तक ही सीमित रहकर सिमट जाएगा?

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय निवासी अब यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि संबंधित विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।




