नोएडा। नोएडा के सेक्टर-122 स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में शुक्रवार को एक अत्यंत दुखद हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई। बच्चा पार्क में बने एक खुले पानी के पंप की होदी (टैंक) में गिर गया था। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं स्थानीय निवासियों और परिजनों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गहरा असंतोष है। मामला थाना सेक्टर-113 क्षेत्र का है।
पानी पीने गया था मासूम, संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार वर्षीय बच्चा शुक्रवार को ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में खेल रहा था। खेलते समय प्यास लगने पर वह पास में ही स्थित एक पानी के पंप के पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि पंप की होदी खुली हुई थी और वहां पानी पीने के प्रयास में बच्चे का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सीधे गहरी होदी में जा गिरा।
आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को गिरते देख तुरंत उसे बाहर निकालने की कोशिश की और उसे अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक बच्चे की स्थिति काफी गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप
हादसे के समय मौके पर नोएडा प्राधिकरण का कोई भी कर्मचारी या देखरेख करने वाला व्यक्ति मौजूद नहीं था। परिजनों ने प्राधिकरण पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि खुले पंप और होदी के आसपास न तो कोई ढक्कन था और ना ही किसी प्रकार की बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। परिजनों का तर्क है कि यदि सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के न्यूनतम मानक भी अपनाए जाते, तो इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

पुलिस जांच जारी, निवासियों ने की सुरक्षा की मांग
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रथम द्रष्टया पता चला है कि कि बच्चों की मौत गिरने से हुई है होदी में पानी नहीं था। पुलिस मीडिया सेल के अनुसार थाना सेक्टर-113 क्षेत्रांतर्गत एक बच्चा फिरोज आलम उर्फ गोलू पुत्र मुराजुद्दीन निवासी ग्राम खर्तौना, थाना अटरिया, सीतापुर, उम्र लगभग 4 वर्ष पर्थला गोलचक्कर के पास सेक्टर-123 में झुग्गी झोपड़ी के पास बनी होदी में गिर गया। सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा एवं बच्चे को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पंचनामा व अन्य कार्यवाही पूर्ण करते हुए नियमानुसार मृतक के शव को परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों द्वारा शव का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। थाना सेक्टर-113 पुलिस द्वारा अभियोग पंजीकृत करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस हादसे ने शहर के पार्कों और ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि शहर भर के पार्कों और ग्रीन बेल्ट में मौजूद सभी खुले पंपों, सीवर लाइनों और पानी के टैंकों को अविलंब ढका जाए, ताकि भविष्य में ऐसी किसी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।



