यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा आज जनपद अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध एक बड़ा और व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण ने लगभग 30 हेक्टेयर (3,00,000 वर्ग मीटर) भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। इस मुक्त कराई गई भूमि की कीमत करोड़ों रुपये (लगभग 400 करोड़) आंकी जा रही है।
प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई माननीय मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशों तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार एवं विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न की गई।
संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
अतिक्रमण हटाने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन, यमुना प्राधिकरण के भूलेख विभाग तथा प्रोजेक्ट विभाग की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। टीम ने मौके पर पहुंचकर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों और कब्जों को ध्वस्त किया।
इस अभियान के दौरान प्रशासनिक और राजस्व विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी जमीन पर मुस्तैद रहे। कार्रवाई में मुख्य रूप से विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह (आईएएस), शिव अवतार सिंह, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) हरी प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी अभिषेक शाही, उप जिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी तथा तहसीलदार मनोज कुमार सिंह सहित प्राधिकरण व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। स्थानीय पुलिस द्वारा पर्याप्त सुरक्षा बल मुहैया कराने से अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
प्राधिकरण की चेतावनी: भविष्य में भी जारी रहेगी
कार्रवाई कार्रवाई के पश्चात यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अवैध निर्माण या अनधिकृत विकास पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
प्राधिकरण के प्रवक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के सुनियोजित और नियोजित विकास को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है। भविष्य में भी भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ इस तरह के प्रभावी प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगे।




