ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपित और मृतका के पति विपिन को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। अदालत ने इस मामले में छह अक्टूबर को जमानत याचिका मंजूर की थी, जिसका विस्तृत आदेश अब जारी किया गया है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने जानकारी दी कि हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करने के बाद छह अक्टूबर को विपिन की जमानत याचिका स्वीकार कर ली थी। वर्तमान में इस मामले की सुनवाई सेशन कोर्ट में विचाराधीन है।
क्या था पूरा मामला?
कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में हुए इस सनसनीखेज निक्की हत्याकांड में मृतका की बड़ी बहन कंचन ने ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ससुराल पक्ष के लोगों ने निक्की को जिंदा जलाकर मार डाला। इस मामले में मृतका का पति विपिन मुख्य आरोपित है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
अन्य आरोपितों को भी मिल चुकी है राहत अधिवक्ता ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपित विपिन से पहले तीन अन्य सह-आरोपितों—रोहित, सतवीर और दया को भी इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। ये सभी सह-आरोपित वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं।
न्यायिक प्रक्रिया के तहत इस मामले की सुनवाई अब सेशन कोर्ट में जारी है। बचाव पक्ष का दावा है कि अदालत में पेश किए जाने वाले साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर सभी आरोपित निर्दोष साबित होंगे और बरी किए जाएंगे।
कानूनी जानकारों के अनुसार, उच्च अदालत से जमानत मिलने के बावजूद सत्र न्यायालय में ट्रायल की प्रक्रिया पूरी होने तक मामले की कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।



