मेरठ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) की मेरठ-सहारनपुर मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर मंगलवार को मतगणना की प्रक्रिया जारी है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में सुबह आठ बजे से शुरू हुई वोटों की गिनती में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार श्रीचंद शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर बड़ी बढ़त बना ली है।
अब तक की मतगणना के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा लगभग 8,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। उनका मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी डॉ. नितिन कुमार तोमर से है।
19,737 वोटों की गिनती पूरी, जानिए ताजा स्थिति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक कुल 19,737 मतों की गिनती पूरी हो चुकी है। इसमें भाजपा के श्रीचंद शर्मा को 11,496 वोट मिले हैं, जबकि सपा उम्मीदवार डॉ. नितिन कुमार तोमर को 3,659 वोट प्राप्त हुए हैं। वोटों का अंतर काफी अधिक होने से भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल है।
10 राउंड में होगी गिनती, बुधवार सुबह तक आ सकता है अंतिम परिणाम
मतगणना केंद्र पर सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारियों, प्रत्याशियों और उनके एजेंटों की चहल-पहल बनी हुई है। वोटों की गिनती पारदर्शी तरीके से कराने के लिए मतपत्रों के 50-50 के बंडल बनाए गए हैं। शिक्षक सीट पर कुल 10 राउंड में गिनती पूरी की जानी है।
अधिकारियों का कहना है कि वरीयता क्रम की प्रणाली होने के कारण मतगणना में समय लग रहा है। रुझान सामने आने शुरू हो चुके हैं, लेकिन अंतिम परिणाम की आधिकारिक घोषणा मंगलवार देर रात या बुधवार सुबह तक होने की संभावना है।



