आशु भटनागर : सत्ता के गलियारों में पहला समाचार नोएडा विधानसभा में हो रही उठा पटक से है । जहां बीते दो वर्षों से अपनी जनसांख्यिकीय उपस्थिति के आधार पर राजनीतिक टिकट की दावेदारी कर रहे वैश्य समाज और स्थापित राजनीतिक घरानों के गणित को हाल ही में हुए एक सामाजिक-सांस्कृतिक घटनाक्रम ने नए सिरे से सोचने पर मजबूर कर दिया है। क्षेत्र के समाजसेवी, शिक्षाविद और उद्योगपति मुकेश शर्मा द्वारा आयोजित एक भव्य ‘रामकथा’ कार्यक्रम के बाद से स्थानीय राजनीति का रुख बदलता नजर आ रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस आयोजन के माध्यम से मुकेश शर्मा ने नोएडा के मध्य और उच्च-मध्यम वर्ग के बीच अपनी सीधी पहुंच दर्ज कराई है, जिससे लंबे समय से चले आ रहे पारंपरिक राजनीतिक दावों को चुनौती मिली है। नोएडा में लंबे समय से वैश्य समाज विभिन्न औद्योगिक, व्यापारिक, आरडब्ल्यूए और धार्मिक संगठनों के जरिए अपनी मजबूत राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास करता रहा है। जिले में बी.पी. अग्रवाल, मूलचंद अग्रवाल, कैप्टन विकास गुप्ता, मनोज गुप्ता और सत्यनारायण गोयल जैसे प्रमुख नामों की राजनीतिक आकांक्षाएं सर्वविदित रही हैं। ऐतिहासिक रूप से, डॉ. महेश शर्मा के कार्यकाल के दौरान हुए एक उपचुनाव में विमला बाथम जरूर दो वर्षों के लिए विधायक निर्वाचित हुई थीं। हालांकि, वर्ष 2017 के मुख्य चुनाव में महेश शर्मा का समर्थन न मिलने के बाद वे मुख्यधारा के समीकरणों से बाहर हो गईं। इसके पश्चात बलराज गोयल जैसे नेता लगातार विभिन्न तर्कों के आधार पर अपनी दावेदारी को आगे बढ़ाते रहे। लेकिन इन संगठनों की एक बड़ी नाकामी यह मानी जाती रही कि वे नोएडा के बड़े वर्ग, विशेषकर सोसायटियों में रहने वाले मध्यम और उच्च-मध्यम वर्ग को व्यापक रूप से अपने साथ नहीं जोड़ सके। किन्तु नोएडा के ही शिक्षाविद और उद्योगपति मुकेश शर्मा ने बीते दिनों वैश्य समुदाय की रामलीलाओ में ही प्रतिभाग करने के बाद अपने सबसे बड़े मास्टरस्ट्रोक राम कथा के माध्यम से उनके सपनों को चकनाचूर कर दिया है। पहली बार किसी ने नोएडा के किसी आम चेहरे ने लोगों को यह विश्वास दिलाया है कि वह नोएडा के लोगों की आवाज़ बन सकते है। कार्यक्रम में आई भीड़ से अधिक इस चर्चा और माहौल ने मुकेश शर्मा की दावेदारी को इस कदर मजबूत कर दिया है कि अगले 10 वर्षों तक नोएडा विधानसभा पर वैश्य और क्षत्रिय समुदाय के नेताओं की दावेदारी अब खत्म हो गई । आप, कांग्रेस और सपा में रह चुके एक वैश्य नेता ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नोएडा के जो वैश्य नेता दीपावली पर वैश्य नेता को ही समर्थन देने के दावे कर रहे थे उन्हें आधे दीपावली पर भाजपा विधायक पंकज सिंह को मिठाई देने चले गये आधे मुकेश शर्मा के समक्ष दंडवत हो गये I पहली बार इस सीट पर बीते 10 वर्षों से अजेय रहे भाजपा विधायक पंकज सिंह की लोकप्रियता भी मुकेश शर्मा के नाम के सामने कमजोर पड़ती दिख रही है और अब आने वाले दिनों में चुनाव में जीत हांर किसी की हो किंतु नोएडा में पंकज सिंह बनाम मुकेश शर्मा का चुनावी रण रोचक होने वाला है।
सत्ता के गलियारों में दूसरी चर्चा जेवर विधानसभा से है जहां जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के विरोध में डेढ़ दर्जन उम्मीदवारों ने मोर्चा खोल दिया है । इनमें जहां अधिकांश चेहरे धीरेंद्र सिंह के समर्थक और साथी रहे है । कभी धीरेंद्र सिंह के साथ कांग्रेस में साथी रही योगेंद्र सिंह छोकर इस बार धीरेंद्र सिंह से अपना आर पार का हिसाब करने को तैयार है तो बीते दो चुनाव में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर दिखाई देने वाले ठाकुर धीरज सिंह ने भी कल सोशल मीडिया पर अपने समर्थ को से जेवर विधानसभा में चुनाव लड़ने की राय मांग ली। दीपावली के अवसर पर पत्रकारों से अनौपचारिक संवाद के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजभूषण सिंह की सुपुत्री शालिनी सिंह की टिप्पणी ने हलचल और बढ़ा दी है। शालिनी सिंह ने संकेत दिया कि वह भी जेवर से टिकट की दौड़ में शामिल हैं। हालांकि उन्होंने पार्टी की रणनीति और अनुशासन का हवाला देते हुए सीधे तौर पर कुछ कहने से परहेज किया, किंतु टिकट की दावेदारी और विरोधियों के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर उन्होंने दृढ़ता से कहा, “मैं बैर लेने से नहीं डरती।” उनके इस बयान ने स्थानीय राजनीति में टिकट के दावेदारों के बीच नई प्रतिस्पर्धा को जन्म दे दिया है। क्षेत्र में बढ़ते विरोध और अपने ही खेमे से मिल रही चुनौतियों के बावजूद वर्तमान विधायक धीरेंद्र सिंह ने फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर मौन साध रखा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधायक की यह चुप्पी किसी बड़ी रणनीतिक तैयारी का हिस्सा हो सकती है। हालांकि, विरोधियों की बढ़ती संख्या और पुराने साथियों का मुखर होना आगामी विधानसभा चुनावों में जेवर सीट के मुकाबले को बेहद रोचक और चुनौतीपूर्ण बना सकता है। फिलहाल, जेवर की राजनीति में यह ‘शांति’ आने वाले दिनों में किसी बड़े राजनीतिक तूफान की आहट की ओर इशारा कर रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय जनता पार्टी स्थानीय स्तर पर उपजे इस असंतोष और बढ़ती दावेदारी को किस प्रकार संतुलित करती है।

सत्ता के गलियारों में तीसरी चर्चा कांग्रेस की है जहां एक बार फिर से कांग्रेस ने नोएडा और गौतम बुद्ध नगर के जिला अध्यक्षों को उनके पदों पर बरकरार रखते हुए एक तरह से ‘अभयदान’ दे दिया है। इसके बाद राजनीतिक समीक्षा को ने कांग्रेस की प्रदेश रणनीति पर प्रश्न उठा दिए हैंपार्टी के भीतर इस फैसले को लेकर गहरा असंतोष देखा जा रहा है। नाम न छापने की शर्त पर कांग्रेस के ही एक वरिष्ठ नेता ने इस स्थिति पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नोएडा में कांग्रेस को जिस ‘संजीवनी’ की आवश्यकता थी, उसके बजाय अध्यक्षों का न बदला जाना पार्टी के लिए ‘विश’ (जहर) के समान साबित हो सकता है। पार्टी के एक बड़े धड़े का मानना है कि वर्तमान नेतृत्व की कार्यशैली और प्रभावशीलता में कमी के कारण संगठन जमीनी स्तर पर कमजोर हो रहा है। सूत्रों के अनुसार, वर्तमान जिला अध्यक्ष रैली में अपेक्षित भीड़ जुटाने में नाकाम रहे। कांग्रेस के भीतर तुलनात्मक चर्चाएं तेज हैं कि जहां कांग्रेस के अपने पदाधिकारी विफल रहे, वहीं गठबंधन सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं, विशेषकर राहुल अवाना और युवा नेता मोहित नागर ने कहीं अधिक सक्रियता दिखाते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जुटाया। वहीं दादरी सीट पर एक अलग चर्चा शुरू हो गई है चर्चाओं की मांने तो दादरी से विधानसभा का टिकट मांग रहे दीपक भाटी चोटी वाला अगर जिला अध्यक्ष भी बने रहेंगे तो निश्चित ही तौर पर सपा से गठबंधन में कांग्रेस ने नोएडा, दादरी सीट छोड़ने का मन बना लिया है। कांग्रेस का सारा फोकस जेवर विधानसभा पर ही टिक गया है ऐसे में माना जा रहा है कि फिलहाल नोएडा और दादरी विधानसभा में कांग्रेस के रणबांकुरो के सपने इस बार भी पूरे नहीं हो पाएंगे यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह ‘अभयदान’ पार्टी में स्थिरता लाता है या आंतरिक दरारों को और अधिक गहरा करता है।


