गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने ही पति, बेटे और भांजे को धीरे-धीरे जहर (स्लो पॉइजन) देकर मौत के घाट उतारने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पत्नी रेनु भटनागर को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि महिला ने करोड़ों रुपये की संपत्ति और बीमा राशि हथियाने के लालच में इस आपराधिक कृत्य को अंजाम दिया।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वसुंधरा निवासी सुशील कुमार भटनागर ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सुशील का आरोप था कि उनकी पत्नी रेणु भटनागर और परिवार के कुछ अन्य सदस्य उन्हें, उनके बेटे और भांजे को जान से मारने की नीयत से लंबे समय से धीमा जहर दे रहे थे। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की।

मेडिकल जांच में हुआ लेड पॉइजनिंग का खुलासा पीड़ित सुशील भटनागर ने पुलिस को बताया कि पिछले काफी समय से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। विभिन्न अस्पतालों में इलाज के दौरान जब उनकी चिकित्सकीय जांच कराई गई, तो उनके शरीर में ‘लेड पॉइजनिंग’ (सीसा विषाक्तता) की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि सामान्य परिस्थितियों में मानव शरीर में लेड की इतनी अधिक मात्रा पाया जाना स्वाभाविक नहीं है। इस मेडिकल रिपोर्ट ने पूरे मामले को एक गंभीर आपराधिक साजिश की दिशा में मोड़ दिया।
पूछताछ में उगला सच: ‘सब कुछ मेरा हो जाता’
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी रेणु भटनागर ने अपना जुर्म कबूल किया। महिला ने स्वीकार किया कि उसकी नजर पति की ट्रैवल एजेंसी और भारी-भरकम बीमा राशि पर थी। उसका मानना था कि पति, बेटे और भांजे की मौत के बाद वह पूरी संपत्ति और आर्थिक संसाधनों की एकमात्र उत्तराधिकारी बन जाएगी। अपने इसी स्वार्थ और लालच में उसने पीड़ितों के खान-पान में लेड मिलाना शुरू कर दिया था।
मामले की संवेदनशीलता पर टिप्पणी करते हुए इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) राजेंद्र डागा ने कहा, “आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्टों के आधार पर साजिश की पुष्टि हुई है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इस षड्यंत्र में क्या और भी लोग शामिल थे या वे महिला के सहयोगी थे।”
पुलिस फिलहाल यह जांचने में जुटी है कि पीड़ितों को कितने समय से जहर दिया जा रहा था और इस आपराधिक गतिविधि के लिए जहरीला पदार्थ कहां से खरीदा गया था। इस मामले ने न केवल इलाके में सनसनी फैला दी है, बल्कि पारिवारिक विश्वास और सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



