ग्रेटर नोएडा: अतिक्रमण के खिलाफ अपने सख्त रुख को जारी रखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. बलकार सिंह के निर्देशों के अनुपालन में, छपरौला स्थित सहारा समतल क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 3 एकड़ (12 हजार वर्ग मीटर) भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान सोमवार सुबह 6:30 बजे से 9:30 बजे तक चलाया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल और जेसीबी की मदद से अवैध रूप से बनाए गए मकानों, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों और जमीन पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से खड़ी की गई बाउंड्री वॉल को ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासनिक और पुलिस टीम की मुस्तैदी के चलते अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक (परियोजना) विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक नितीश कुमार और सहायक प्रबंधक भूपेंद्र त्यागी ने बादलपुर कोतवाली पुलिस के सहयोग से किया।
एसीईओ की दो टूक और खरीदारों के लिए चेतावनी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ACEO) सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि सहारा समतल क्षेत्र प्राधिकरण का अधिसूचित क्षेत्र है, जहां बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य पूरी तरह अवैध है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति निर्माण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसीईओ ने आम नागरिकों और निवेशकों से अपील करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में कहीं भी जमीन या संपत्ति खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसकी वैधता की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। उन्होंने नागरिकों को आगाह किया कि वे अवैध कॉलोनियों में अपनी गाढ़ी कमाई का निवेश करने से बचें।
शाहबेरी में भी जर्जर मकान सील
सोमवार को ही ध्वस्तीकरण अभियान के बाद, प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-1 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के नेतृत्व में एक अन्य टीम शाहबेरी पहुंची। वहां पुलिस बल (चौकी प्रभारी विपिन कुमार व अन्यकर्मियों) की मौजूदगी में एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया को अंजाम दिया गया।



