यूपी इलेक्शन 2027 : नोएडा तेरा हुआ अब दादरी विधानसभा का राजनीतिक परिदृश्य क्या होगा, क्या अखिलेश यादव दादरी में भी दोहराएंगे नोएडा जैसी रणनीति?

NCR Khabar News Desk
6 Min Read

आशु भटनागर। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। हाल ही में समाजवादी पार्टी (सपा) ने नोएडा विधानसभा सीट से शिक्षाविद, उद्योगपति और समाजसेवी मुकेश शर्मा को पार्टी में शामिल कर एक बड़ा दांव खेला है। कहा जा रहा है कि इस रणनीतिक कदम के साथ ही नोएडा में भाजपा के मौजूदा विधायक पंकज सिंह के मुकाबले सपा ने एक मजबूत और कद्दावर दावेदार उतार दिया है, जिससे इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं। लखनऊ से लेकर नोएडा तक पार्टी में भी पहली बार इस प्रत्याशी को भरपूर समर्थन मिल रहा है कुछ छिटपुट आवाजों को छोड़ दें तो सभी लोगो ने मुकेश शर्मा के सपा में शामिल होने का न सिर्फ स्वागत किया है बल्कि पार्टी के व्हाट्स ग्रुपों में उनको लेकर सकारात्मक राय बनती जा रही है I उत्साह का आलम ये है कि लखनऊ से जुड़े पार्टी हंड़ेल्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुन्सर ने तो बाकायदा मुकेश शर्मा को नोएडा से जीत तक घोषित कर दी है।

Ad image

नोएडा में भी परदे के पीछे का सच ये है कि बीते कुछ समय से मुकेश शर्मा की जन-सक्रियता और शहरी मतदाताओं के बीच उनकी पैठ ने समाजवादी पार्टी के स्थानीय संगठन में नई जान फूंक दी है। सपा से जुड़े राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नोएडा जैसे शहरी और कॉरपोरेट बहुल क्षेत्र में पारंपरिक राजनीति से हटकर किसी उद्योगपति और शिक्षाविद को मैदान में उतारना सपा के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है। पहली बार नोएडा के शहरी मतदाताओं के एक वर्ग में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को लेकर सकारात्मक उत्साह देखा जा रहा है, जिससे यहां के पारंपरिक राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।

- Advertisement -
Ad image

दादरी विधानसभा: क्या अखिलेश यादव लेंगे कोई साहसिक निर्णय?

नोएडा में मजबूत प्रत्याशी मिलने के बाद अब राजनीतिक और व्यावसायिक गलियारों की निगाहें पड़ोसी सीट दादरी विधानसभा पर टिक गई हैं। दादरी का राजनीतिक इतिहास नोएडा से काफी अलग रहा है। पिछले चार विधानसभा चुनावों से समाजवादी पार्टी यहां प्रवक्ता राजकुमार भाटी पर दांव खेलती रही है, लेकिन उनकी स्थानीय और जातीय राजनैतिक सोच के चलते पार्टी को यहां कभी अपेक्षित सफलता नहीं मिली। बीते लोकसभा चुनाव में पहली बार पार्टी ने गाजियाबाद में अस्पताल चला रहे और काग्रेस से सपा में आये डॉक्टर उधोगपति डा महेंद्र नागर पर दांव खेल कर इस सोच को तोड़ने का प्रयास किया था जिसको काफी सराहा भी गया था वो अलग बात है कि अपेक्षित सहयोग न मिलने और संगठन के लोगो द्वारा पैसो की डिमांड के आरोपों के बीच उनको बड़ी सफलता नहीं मिल पाई थी।

ये भी सच हैं कि पिछले एक दशक में दादरी विधानसभा क्षेत्र के जनसांख्यिकी (Demographics) में भारी बदलाव आया है। ग्रेटर नोएडा के विस्तार में ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अंधाधुंध शहरीकरण के चलते यहां हाई-राइज सोसाइटियों का जाल बिछ गया है, जिसके कारण शहरी मतदाताओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है।

- Advertisement -
Ad image

2012 में नोएडा के अलग विधान सभा बन्ने के बाद दादरी विधान सभा में मात्र 3,43,679 मतदाता थे जो 2027 के चुनाव से पहले 17 नवंबर 2026 को जारी ड्राफ्ट सूची में 6,17,352 हैं आने वाले दिनों में चल रहे विशेष अभियान में इनके 6,50,000 तक जाने की सम्भावना भी है I बढ़े हुए लगभग 3 लाख वोटो को शहरी या या प्रवासी मजदूरो का ही माना जा रहा है

यही वजह है कि अब सिर्फ बिसरख ब्लाक और शहरी क्षेत्रों के बूथों पर मतदान प्रतिशत दादरी के बाकी ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में अधिक होने लगा है। दादरी के ग्रामीण क्षेत्र की अवैध कालोनियों में भी बाहरी मजदूरो के वोट भी स्थानीय वोटर पर भारी दिखाई दे रहे है। यही वजह है कि शहरी और प्रवासी मजदूर मतदाताओं के झुकाव के चलते भाजपा लगातार इस सीट पर भारी अंतर से जीत दर्ज करती आ रही है, जबकि सपा सिर्फ ग्रामीण समीकरणों के भरोसे हर बार पिछड़ जाती है।

उद्योग जगत और शहरी मतदाताओं की उम्मीदें

दादरी के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के पेशेवर और शहरी वोटर अब यहाँ बढ़ते औधोगीकरण के चलते नोएडा की ही भांति पर ही किसी प्रगतिशील, स्वच्छ छवि और दमदार उद्योगपति या पेशेवर चेहरे की मांग कर रहे हैं, जो उनकी आकांक्षाओं को समझ सके। हालांकि, राजनीतिक जानकारों का यह भी मानना है कि समाजवादी पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व इस पारंपरिक सीट पर शायद ही कोई ऐसा साहसिक बदलाव करने का जोखिम उठाए।

लोगों की नजरें भविष्य के संभावित परिसीमन पर भी टिकी हैं, जिसके बाद इस क्षेत्र का राजनीतिक भूगोल बदल सकता है। लेकिन तात्कालिक सवाल यह है कि क्या जिन्दा कौमे 5 साल इंतज़ार नहीं करती जैसा नारा देने वाले लोहिया की समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव अगले पांच वर्षों के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नोएडा की तरह दादरी में भी किसी दमदार और नए चेहरे पर दांव लगाएंगे, या फिर पार्टी पुरानी रणनीति के सहारे इस सीट को एक बार फिर भाजपा के पाले में जाने देगी?

Share This Article
एनसीआर खबर दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews.ncrkhabar@gmail.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I अपना सूक्ष्म सहयोग आप हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : 9654531723@paytm के जरिये दे सकते है