ज, 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन है, और इस अवसर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। यह सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता देशभर के 1000 जिलों में रक्तदान शिविरों के आयोजन के साथ-साथ 75 शहरों में ‘नमो दौड़’ का आयोजन करेंगे। इसके अलावा, पौधरोपण और कई सामुदायिक सेवा गतिविधियों की योजनाएं भी बनाई गई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय मंत्रियों सहित भाजपा के कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सामाजिक नेटवर्क ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए, आपने अपने असाधारण नेतृत्व से देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।”
वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी अपने बधाई संदेश में कहा, “माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आपके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है और एक विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है।” उन्होंने मोदी की दीर्घायु और देश की सेवा में समर्पित जीवन की कामना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा, “कुछ अनुभव ऐसे होते हैं जो इतिहास की दिशा तय कर देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ा मेरा पहला अनुभव भी ऐसा ही था। झांसी में उनके भाषण में मैंने भविष्य के नेतृत्व की चमक देखी थी। अनुशासन, संगठन के प्रति समर्पण, गहन ज्ञान और हर चुनौती को स्वीकार करने का साहस, यही गुण हैं, जिन्होंने उन्हें भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला नेता बनाया।”